पौड़ी

जयहरीखाल विकासखंड में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन, 63 ग्राम प्रधानों को दिलाई गई शपथ

जयहरीखाल। विकासखंड मुख्यालय जयहरीखाल में मंगलवार को बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख रणवीर सजवाण द्वारा किया गया। विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ प्रदान किया।

शिविर के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही निस्तारण भी किया। इसी अवसर पर ब्लॉक प्रमुख ने 63 नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों को शपथ दिलाई। सभी प्रधानों ने विकास कार्यों को ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

शिविर में कई विभागों ने अपनी सेवाएँ प्रदान कीं—

समाज कल्याण विभाग: 10 लोगों की पेंशन एवं यूडीआईडी संबंधी समस्याओं का समाधान, पेंशन/अनुदान योजनाओं की जानकारी।

कृषि विभाग: 08 किसानों को कृषि यंत्र वितरित।

स्वास्थ्य विभाग: 16 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच एवं दवाइयों का वितरण।

पशुपालन विभाग: 05 लोगों की समस्याओं का निस्तारण।

राजस्व विभाग: 04 लोगों को लाभान्वित किया।

बाल विकास विभाग: 10 लोगों की समस्याओं का समाधान।

वन विभाग: जंगलों में आग नियंत्रण के उपायों की जानकारी।

ग्रामोत्थान परियोजना: समूहों द्वारा स्थानीय उत्पादों की बिक्री एवं प्रचार-प्रसार।

ब्लॉक प्रमुख रणवीर सजवाण ने कहा कि बहुउद्देशीय शिविरों के माध्यम से विभागीय सेवाएँ एक ही स्थान पर उपलब्ध हो जाती हैं, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलती है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना हमारी प्राथमिकता है।

उपजिलाधिकारी शालिनी मौर्य ने कहा कि प्रशासन जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीणों को राहत देने का प्रभावी माध्यम हैं और संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि लाभार्थियों की समस्याओं का समाधान मौके पर ही किया जाए।

इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी रवि सैनी, जिला पंचायत सदस्य पूनम नेगी, ज्येष्ठ प्रमुख सुरेन्द्र सिंह, कनिष्ठ प्रमुख पूनम, एडीओ पंचायत अनूप भंडारी, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. मंजू पाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

– सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *