पौड़ी

आर्थिक रूप से कमजोर एससी छात्रों के लिए निःशुल्क सिविल सेवा कोचिंग योजना शुरू

पौड़ी गढ़वाल। समाज कल्याण विभाग ने वर्ष 2025-26 के लिए आर्थिक रूप से कमजोर अनुसूचित जाति के छात्र-छात्राओं को सिविल सेवा प्रारम्भिक परीक्षा की तैयारी हेतु निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराने की योजना शुरू की है। पहले चरण में हेमवती नंदन बहुगुणा केंद्रीय विश्वविद्यालय, श्रीनगर गढ़वाल तथा पी.एन.जी. राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रामनगर (नैनीताल) को प्रशिक्षण केंद्र के रूप में चयनित किया गया है। कोचिंग की अवधि 3 माह निर्धारित की गई है।

अपर समाज कल्याण अधिकारी अनिल सेमवाल ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली अनुसूचित जाति के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर अवसर प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी और सभी अभ्यर्थियों का चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा।

उन्होंने जानकारी दी कि योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए अभ्यर्थी राज्य के किसी मान्यता प्राप्त कॉलेज/संस्थान में नियमित छात्र होना चाहिए तथा उसने इससे पहले समाज कल्याण विभाग की किसी भी कोचिंग योजना का लाभ न लिया हो। आवेदन के साथ अंकपत्र, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य है। स्नातक स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए न्यूनतम 55% अंक एवं शासनादेश में निर्धारित अन्य शर्तें लागू होंगी।

आवेदन निर्धारित प्रारूप में समाज कल्याण विभाग के कार्यालय में जमा किए जाएंगे। प्राप्त आवेदनों की मेरिट सूची तैयार कर पात्र अभ्यर्थियों को चयनित संस्थानों में प्रवेश दिया जाएगा। योजना में छात्र एवं छात्राओं के लिए 50-50 प्रतिशत सीटें आरक्षित हैं। साथ ही दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए भी अलग आरक्षण का प्रावधान किया गया है।

निःशुल्क आवेदन पत्र एवं योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी विभाग की वेबसाइट www.socialwelfare.uk.gov.in पर उपलब्ध है।

– सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *