यमकेश्वर कॉलेज में स्वच्छता की मिसाल — छात्र संघ अध्यक्ष आयुष बडोला की पहल
*छात्र नेतृत्व और सहयोग से परिसर विकास का एक प्रेरक उदाहरण*
यमकेश्वर। महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय विथ्याणी, यमकेश्वर (पौड़ी गढ़वाल) में छात्र हितों के लिए एक सराहनीय कदम उठाया गया है।

कॉलेज के छात्र संघ अध्यक्ष आयुष बडोला ने ग्राउंड और परिसर में फैली घास-फूस व कूड़ा-कचरे की सफाई करवाकर परिसर को स्वच्छ और सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है।
आयुष बडोला ने बताया कि मानसून के बाद मैदान में झाड़ियाँ और कचरा जमा होने से छात्रों के खेलकूद में बाधा आ रही थी, साथ ही जंगली जानवरों का खतरा भी बना हुआ था। इस स्थिति को देखते हुए उन्होंने सफाई अभियान चलाया और प्लास्टिक कचरे के निपटान हेतु एक गड्ढा भी खुदवाया, जिसमें कचरे को नष्ट किया जाएगा।
इस प्रयास से अब छात्र स्वच्छ वातावरण में पढ़ाई और खेल-कूद की गतिविधियों में सम्मिलित हो सकेंगे।
आयुष बडोला ने यमकेश्वर विधायक श्रीमती रेणु बिष्ट का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से कॉलेज की कई समस्याओं का समाधान हुआ है और संस्थान निरंतर प्रगति की ओर है।
