पौड़ी

पौड़ी। जिला उद्योग केंद्र, कोटद्वार में आज “एक जनपद – दो उत्पाद” योजना के अंतर्गत वुडन फर्नीचर आधारित उद्योगों की समस्याओं के समाधान एवं इनके विस्तार हेतु कॉमन फैसिलिटी सेंटर (CFC) की स्थापना पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र द्वारा की गई।

बैठक में कॉमन फैसिलिटी सेंटर के लिए उपयुक्त स्थान, उद्योग समूहों की आवश्यकताओं तथा आवश्यक तकनीकी सुविधाओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। लकड़ी एवं फर्नीचर आधारित उत्पादों से जुड़े उद्यमियों ने CFC से मिलने वाले लाभों और अपनी आवश्यकताओं पर महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।

महाप्रबंधक ने बताया कि कॉमन फैसिलिटी सेंटर की स्थापना से स्थानीय कारीगरों एवं सूक्ष्म उद्यमियों को आधुनिक मशीनरी, तकनीकी सहायता एवं प्रशिक्षण एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा सकेगा। इससे उत्पादन क्षमता, उत्पाद गुणवत्ता एवं स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी।

अधिकारियों एवं उद्यमियों ने सर्वसम्मति से CFC की स्थापना की दिशा में त्वरित कार्यवाही करने का निर्णय लिया। साथ ही, प्रस्ताव एवं आवश्यक रिपोर्ट निर्धारित समयावधि में प्रस्तुत करने पर बल दिया गया।

बैठक में प्रबंधक उद्योग विभाग उपासना सिंह, सहायक निदेशक अमित मोहन, वन विभाग से प्रबंधक विक्रम रावत, सिडकुल निर्माता संघ अध्यक्ष सुनील गुप्ता सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे।

– सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *