पौड़ी

राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता के प्रथम मुकाबले में बागेश्वर ने पौड़ी को 2–1 से दी मात

पौड़ी। कंडोलिया खेल मैदान में जारी चार दिवसीय राज्य स्तरीय आमंत्रण फुटबॉल प्रतियोगिता–2025 के तहत आज खेले गए पहले मुकाबले में बागेश्वर की टीम ने पौड़ी को 2–1 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला।

मैच के पहले हाफ में बागेश्वर ने तेज आक्रमण के साथ बढ़त बनाते हुए पहला गोल दागा। इसके बाद पौड़ी की टीम ने भी बेहतरीन तालमेल के साथ खेलते हुए वापसी की कोशिश की और मध्यांतर से पहले बराबरी का गोल कर स्कोर 1–1 कर दिया। दूसरे हाफ में खेल का रोमांच और बढ़ गया, जहां दोनों टीमें लगातार गोल करने के अवसर तलाशती रहीं। अंततः निर्णायक क्षणों में बागेश्वर के खिलाड़ियों ने एक शानदार मूव के तहत दूसरा गोल दागते हुए 2–1 की बढ़त हासिल कर ली, जिसे वह मैच के अंत तक बनाए रखने में सफल रहे।

मैदान में जुटी भीड़ ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और हर शानदार मूव पर तालियों से समर्थन दिया। खिलाड़ी भी दर्शकों के उत्साह से प्रेरित नजर आए। प्रतियोगिता के उद्घाटन दिवस पर खेले गए इस मुकाबले ने टूर्नामेंट की प्रतिस्पर्धा को नई दिशा देते हुए आगे के मैचों के प्रति उत्सुकता बढ़ा दी है।

खेल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आगामी दिनों में भी दिलचस्प मुकाबले खेले जाएंगे और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करने का बेहतर अवसर मिलेगा।

– सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *