पौड़ी बना खेल उमंग का केंद्र, कंडोलिया में राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ
पौड़ी। जिला प्रशासन एवं खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में कंडोलिया खेल मैदान में चार दिवसीय राज्य स्तरीय आमंत्रण फुटबॉल प्रतियोगिता–2025 का भव्य शुभारंभ जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की गरिमामय उपस्थिति तथा नगर पालिका अध्यक्षा हिमानी नेगी द्वारा किया गया। उद्घाटन अवसर पर नगरवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

प्रतियोगिता में पहुंचे खिलाड़ियों एवं अतिथियों का ढोल-नगाड़ों तथा स्थानीय सांस्कृतिक दलों द्वारा पारंपरिक ढंग से भव्य स्वागत किया गया। शुभारंभ मैच पौड़ी और बागेश्वर की टीमों के मध्य खेला गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। तत्पश्चात जिलाधिकारी ने मैदान में पहुँचकर फुटबॉल को किक मारकर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया।
नगर पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी ने कहा कि ऐसे आयोजन प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूती देते हैं और युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को श्रेष्ठ खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया एवं खेल विभाग को सफल आयोजन हेतु बधाई दी।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने अपने संबोधन में कहा कि पर्वतीय जनपद पौड़ी में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन युवाओं में आत्मविश्वास और खेल के प्रति नया उत्साह उत्पन्न करेगा। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन खेल अवसंरचना को सुदृढ़ करने एवं खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रतिभागी खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन हेतु राष्ट्रीय स्तर के अनुभवी खिलाड़ियों को भी प्रतियोगिता में आमंत्रित किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान जयगढ़ कंडोलिया सांस्कृतिक दल एवं आकांक्षा सांस्कृतिक एवं सामाजिक समिति द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। वहीं रा. आदर्श जूनियर हाई स्कूल नं. 11, राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय नं. 5 तथा राजमती सरस्वती विद्या मंदिर तिमली के छात्रों ने स्वागत गान प्रस्तुत किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों और दर्शकों को नशा मुक्त भारत की शपथ भी दिलाई।
प्रतियोगिता में रुद्रप्रयाग को छोड़कर राज्य के अन्य सभी 12 जनपदों सहित हरि सिंह थापा स्पोर्ट्स कॉलेज पिथौरागढ़ एवं महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून की कुल 14 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं, जो जिला मुख्यालय पहुँच चुकी हैं।
इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केसर सिंह नेगी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष जसपाल सिंह नेगी, प्रभारी खेल अधिकारी जयवीर सिंह रावत, जिला शिक्षाधिकारी माध्यमिक रणजीत सिंह नेगी, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।
– सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
