राजकीय पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय बमोली में बाल दिवस पर गढ़भोज का आयोजन
द्वारीखाल। राजकीय पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय बमोली में बाल दिवस के अवसर पर विद्यालय की सहायक अध्यापिका हेमलता बलूनी द्वारा छात्र–छात्राओं के लिए विशेष भोज (गढ़भोज) का आयोजन किया गया।

गढ़भोज कार्यक्रम के दौरान बच्चों को उत्तराखंड के पारंपरिक पहाड़ी व्यंजन परोसे गए, जिनमें दाल–चावल, मीठा चावल, चैंसू, गहथ का फाणू और अरबी का गुटका शामिल थे। भोजन के उपरांत बच्चों को केला भी खिलाया गया। बच्चों ने पारंपरिक भोजन का आनंद लेते हुए अत्यंत उत्साह के साथ बाल दिवस मनाया।
अभिभावकों का कहना है कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों को राज्य की पारंपरिक खानपान संस्कृति से जोड़ने का उत्कृष्ट माध्यम हैं। गढ़भोज जैसी पहल न केवल बच्चों में स्थानीय व्यंजनों के प्रति रुचि बढ़ाती है, बल्कि सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
