पौड़ी

राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 14 से 16 नवम्बर तक पौड़ी में

कंडोलिया मैदान में विभिन्न जिलों की टीमें दिखाएंगी दमखम, तैयारियों में जुटा खेल विभाग

पौड़ी। खेल निदेशालय उत्तराखंड देहरादून के मार्गदर्शन में तथा जिला प्रशासन पौड़ी के सौजन्य से जिला खेल कार्यालय पौड़ी के तत्वावधान में राज्य स्तरीय आमंत्रण फुटबॉल प्रतियोगिता (ओपन बालक वर्ग) का आयोजन 14 नवम्बर से 16 नवम्बर, 2025 तक कंडोलिया खेल मैदान, पौड़ी में किया जाएगा।

प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी जयवीर सिंह रावत ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता में विभिन्न जनपदों की टीमों के साथ-साथ हरि सिंह थापा स्पोर्ट्स कॉलेज, पिथौरागढ़ एवं महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, देहरादून जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं की टीमें भी भाग लेंगी। प्रत्येक टीम में 14 खिलाड़ी और एक टीम मैनेजर सहित कुल 15 सदस्य होंगे।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को विभागीय नियमों के अनुसार यात्रा, भोजन, अनुग्रह भत्ता एवं आवासीय सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। प्रतियोगिता में केवल उत्तराखंड राज्य के स्थायी निवासी खिलाड़ी ही भाग ले सकेंगे। विजेता एवं उपविजेता टीमों को खेल विभाग की ओर से आकर्षक पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता हेतु जनपद पौड़ी की टीम के चयन ट्रायल्स 13 नवम्बर, 2025 को प्रातः 10:30 बजे से कंडोलिया मैदान, पौड़ी में आयोजित किए जाएंगे। ट्रायल में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को आधार कार्ड, स्थायी निवास प्रमाण पत्र तथा एक पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा। ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को विभाग की ओर से किसी भी प्रकार का भत्ता देय नहीं होगा।सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *