जय मां नंदादेवी रामलीला कमेटी ढौंरी में सीताहरण लीला का शानदार मंचन
पूर्व विधायक/ मेयर कोटद्वार शैलेन्द्र सिंह रावत एवं सामाजिक कार्यकर्ता अनिल बडोला रहे मुख्य अतिथि
द्वारीखाल। जय मां नंदादेवी रामलीला कमेटी ग्राम ढौंरी में विगत 4 नवम्बर से चल रही रामलीला में कल रात सीताहरण की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। प्रथम दृश्य में जटायु ने भगवान श्रीराम, लक्ष्मण एवं सीता को पंचवटी का मार्ग बताया। शूर्पणखा की भूमिका में नत्थी सिंह ने अपने उत्कृष्ट अभिनय से दर्शकों की खूब तालियां बटोरी।

खर-दूषण की खरमस्ती और रावण की गर्जनाओं से पूरा पंडाल गूंज उठा। राम, लक्ष्मण, सीता सहित सभी कलाकारों ने शानदार अभिनय कर दर्शकों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता अनिल बडोला ने प्रथम दृश्य का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में कोटद्वार मेयर एवं पूर्व विधायक शैलेन्द्र सिंह रावत भी उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का आदर्श चरित्र हर व्यक्ति के जीवन में अनुकरणीय है। श्रीराम माता-पिता की आज्ञा पालन और आदर्श जीवन जीने की प्रेरणा देते हैं। भरत जी का त्याग और तपस्वी जीवन हमें भाईचारे और निष्ठा की सीख देता है।

अनिल बडोला ने कहा कि जब भी जनता को मेरी जरूरत होगी, मैं सदैव उपस्थित रहूंगा।
रामलीला में पात्रों की भूमिका इस प्रकार रही राम अरुण डबराल, लक्ष्मण अमन नेगी, सीता रितेश, रावण प्रदीप बिष्ट, खर जगवीर नेगी, दूषण शेखर, शूर्पणखा नत्थी सिंह, जटायु नरेश डबराल रहे।
इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य कंडाखणी कुलदीप रावत, ग्राम प्रधान डबोली अंकुश डबराल, हिमांशु रावत, प्रमोद बिंजोला, सैनू भाई सहित रामलीला कमेटी अध्यक्ष नरेन्द्र पाल सिंह नेगी, कोषाध्यक्ष राजन बिष्ट, प्रबंधक लक्ष्मण नेगी एवं निर्देशक बृजमोहन दुदपुड़ी उपस्थित रहे।
मंच संचालन राजेश नेगी ने किया। रामलीला का समापन 14 नवम्बर को भगवान श्रीराम के राजतिलक के साथ किया जाएगा।
