पौड़ी

जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया की अध्यक्षता में पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय खैरासैंण की प्रबंध समिति बैठक

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने किया पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय खैरासैंण का निरीक्षण

विद्यार्थियों से संवाद कर समग्र विकास हेतु दिए आवश्यक निर्देश

सतपुली/पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, खैरासैंण की प्रबंध समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक के पश्चात जिलाधिकारी ने विद्यालय का निरीक्षण कर विद्यार्थियों से संवाद किया तथा उनके समग्र विकास के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

विद्यालय पहुंचने पर छात्राओं ने स्वागत गीत के माध्यम से जिलाधिकारी का अभिनंदन किया। तत्पश्चात उन्होंने विद्यालय की गतिविधियों का पीपीटी के माध्यम से अवलोकन किया और अभिभावक प्रतिनिधियों से फीडबैक एवं सुझाव प्राप्त किए। जिलाधिकारी ने विद्यालय की आय-व्यय विवरण की समीक्षा करते हुए प्राचार्य प्रदीप कुमार को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों के लिए नियमित शैक्षणिक भ्रमण (टूर प्रोग्राम) आयोजित किए जाएं तथा सत्र प्रारंभ में ही वार्षिक गतिविधि कैलेंडर तैयार किया जाए, ताकि सभी कार्यक्रम समयबद्ध रूप से संचालित हो सकें।

उन्होंने विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आरओ एवं वाशिंग मशीन की मांग को पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही, विद्यार्थियों को सामुदायिक गतिविधियों में सहभागी बनाने और विद्यालय में शीघ्र स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के भी निर्देश प्रदान किए।

खेल मैदान के समतलीकरण एवं बाउंड्री दीवार से बाहर भूस्खलन की समस्या के समाधान हेतु जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, विवेक कुमार को भूगर्भशास्त्री से एस्टीमेट तैयार करवाने के निर्देश दिए। विद्यालय परिसर में जंगली जानवरों से सुरक्षा हेतु स्ट्रीट लाइट लगाने का आश्वासन भी उन्होंने दिया।

जिलाधिकारी ने 11वीं एवं 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा की तैयारी हेतु कोचिंग कार्यक्रम आयोजित करने के विद्यालय प्रशासन के प्रयासों की सराहना की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षा कक्ष, स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर लैब, बालिका छात्रावास एवं खेल मैदान का निरीक्षण किया तथा भोजन कक्ष में भोजन ग्रहण कर गुणवत्ता का परीक्षण भी किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने शिक्षकों एवं अभिभावकों से संवाद करते हुए उनके सुझाव एवं फीडबैक साझा किए।

विद्यालय के प्राचार्य ने बताया कि प्रबंध समिति की बैठक विद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था, विद्यार्थियों की सुरक्षा, शिक्षा की गुणवत्ता तथा सर्वांगीण विकास पर चर्चा एवं मार्गदर्शन के उद्देश्य से आयोजित की जाती है।

बैठक में उपजिलाधिकारी रेखा आर्य, मुख्य शिक्षाधिकारी नागेंद्र बर्तवाल, राजीव गांधी नवोदय विद्यालय संतूधार के प्राचार्य मंगल सिंह चौहान, अभिभावक प्रतिनिधि, शिक्षक एवं विभिन्न अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *