पौड़ी

“मि उत्तराखंडी छौं” कार्यक्रम में पारंपरिक वेशभूषा धारण कर जिलाधिकारी ने दिया संस्कृति संरक्षण का संदेश

पौड़ी। स्थानीय संस्कृति, परंपरा और अपनी मिट्टी की महक को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित “मि उत्तराखंडी छौं” कार्यक्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने प्रतिभाग कर अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान और जुड़ाव का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया।

गोला बाजार में आयोजित इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी, मेयर, उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, पार्षदों, स्थानीय महिलाओं, युवाओं और विद्यार्थियों ने पारंपरिक वेशभूषा में उत्साहपूर्वक भाग लेकर लोकसंस्कृति और एकता का सुंदर संदेश दिया। पूरा परिसर लोकगीतों, पारंपरिक परिधानों और उल्लास से सराबोर रहा।

कार्यक्रम के तहत आयोजित “स्वाणि नौनी, स्वाणु नौनु, द्वि झणां” प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने पारंपरिक परिधान एवं लोक-संस्कृति की मनमोहक झलक प्रस्तुत की। जिलाधिकारी ने स्वयं भी पारंपरिक पहाड़ी परिधान धारण कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया, जिससे पूरा बाजार तालियों की गूंज से गूंज उठा।

मेयर नगर निगम श्रीनगर आरती भंडारी ने कहा कि पारंपरिक वेशभूषा हमारी पहचान और पूर्वजों की विरासत है। इसे पहनना केवल परिधान धारण करना नहीं, बल्कि अपनी जड़ों और अस्तित्व को सम्मान देना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन लोकसंस्कृति और पारंपरिक पहनावे के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने गढ़वाली में कहा —

“सुण दीदी सुण भुली, मैं त अपण संस्कृति बचौंण चली।”

उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल परिधान का प्रदर्शन नहीं, बल्कि अपनी संस्कृति को आगे बढ़ाने की एक मुहिम है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि पर्व, त्यौहार, विवाह एवं विशेष अवसरों पर पारंपरिक गढ़वाली, कुमाऊंनी या पहाड़ी वेशभूषा अवश्य धारण करें, क्योंकि यही हमारी पहचान और एकता का प्रतीक है।

जिलाधिकारी ने कहा कि मेलों और आयोजनों का वास्तविक उद्देश्य उत्साह, सहभागिता और सांस्कृतिक जुड़ाव है। हमें केवल वेशभूषा ही नहीं, बल्कि अपनी पहाड़ी रसोई, लोकभाषा, लोकनृत्य और लोकगायन से भी जुड़ना चाहिए। उन्होंने प्रतिभागियों की सृजनशीलता और सांस्कृतिक समर्पण की सराहना की।

प्रतियोगिता परिणामों में —

स्वाणु नौनु (पुरुष वर्ग): अभय

स्वाणि नौनी (महिला वर्ग): सोनाली

द्वि झणां (युगल वर्ग): रचित गर्ग एवं मारिषा पंवार

स्वाणि पार्षद वर्ग: कु. रश्मि

स्वाणु पार्षद वर्ग: शुभम प्रभाकर

स्वाणु निगम कर्मचारी वर्ग: संजय राणा विजेता रहे।

जिलाधिकारी ने निर्णायकों अंबिका रावत, शेखर काला एवं सुधांशु को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम का संचालन कमलेश जोशी एवं सरिता उनियाल ने किया।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा, तहसीलदार दीपक भंडारी, सहायक नगर आयुक्त गायत्री बिष्ट, नगर निगम के पार्षद, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *