पौड़ी

राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती पर श्रीनगर में जन-जागरूकता गोष्ठी आयोजित

पौड़ी। राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती के उपलक्ष्य में आवास विकास प्रदर्शनी मैदान, श्रीनगर में समाज कल्याण विभाग, महिला कल्याण एवं बाल विकास विभाग तथा प्रोबेशन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जन-जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों को सरकारी योजनाओं, कल्याणकारी नीतियों और सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में आयोजित इस गोष्ठी में तीनों विभागों के अधिकारियों ने अलग-अलग विषयों पर विस्तार से जानकारी दी और नागरिकों से संवाद स्थापित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं, छात्र-छात्राओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित सिंह दुबड़िया ने बताया कि विभाग द्वारा वृद्धजन, दिव्यांगजन, विधवा, परित्यक्ता महिलाएँ और कमजोर वर्गों के लिए अनेक सामाजिक सुरक्षा योजनाएँ संचालित की जा रही हैं। उन्होंने पात्र व्यक्तियों से इन योजनाओं के लिए आवेदन करने और लाभ उठाने की अपील की। साथ ही वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, विधवा पेंशन, छात्रवृत्ति योजनाएँ और राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम की जानकारी भी दी।

महिला कल्याण एवं बाल विकास विभाग की सहायक बाल विकास अधिकारी अंजू चमोली ने महिलाओं के सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण, पोषण और बाल अधिकारों से संबंधित योजनाओं जैसे बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना और एकीकृत बाल विकास सेवा (ICDS) के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि महिलाओं का आत्मनिर्भर होना परिवार व समाज दोनों के सशक्तिकरण का प्रतीक है।

जिला प्रोबेशन अधिकारी अरविंद कुमार ने संवेदनशील वर्गों के पुनर्वास, नारी एवं बाल संरक्षण तथा सामाजिक समरसता से संबंधित विषयों पर चर्चा की। उन्होंने घरेलू हिंसा, बाल विवाह और बाल शोषण जैसे मुद्दों पर जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।

गोष्ठी में स्थानीय नागरिकों ने अधिकारियों से योजनाओं से जुड़ी जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के संवाद सत्र समाज में जागरूकता फैलाने और लोगों को शासन की योजनाओं से सीधे जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।

अपर समाज कल्याण अधिकारी अनिल सेमवाल, जिला बाल कल्याण समिति से सुनीता भट्ट, वन स्टॉप सेंटर अधिकारी लक्ष्मी रावत, जिला बाल संरक्षण इकाई से प्रज्ञा नैथानी, सहित अंकित मुंडेपी, अमन सिंह और अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

स्रोत: सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *