देहरादून

नीलकंठ महादेव मंदिर में एक साल में तीन बार चोरी, सीसीटीवी फुटेज के बाद भी पुलिस के हाथ खाली

देहरादून। राजधानी में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। पटेलनगर थाना क्षेत्र के देहराखास (भट्टा) स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर में दो बार चोरी की घटनाएं होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, 26 अक्टूबर की रात चोरों ने मंदिर से तांबे के नाग की चोरी कर ली, जबकि 1 नवंबर की रात चोरों ने शिवलिंग के ऊपर रखी तांबे की गागर भी उड़ा ली।

आश्चर्य की बात यह है कि यह मंदिर पटेलनगर थाना से मात्र 200 मीटर की दूरी पर स्थित है, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

मंदिर के पुजारी शोभित डोबरियाल ने बताया कि मंदिर का जीर्णोद्धार हुए शिवरात्रि को एक वर्ष पूरा हुआ है, और इस अवधि में तीन बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। पहली बार चोरों ने ताला तोड़कर पीतल की वस्तुएं और चढ़ावा चोरी किया था। उस समय भी सीसीटीवी फुटेज और शिकायत पुलिस को सौंपी गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

इस बार भी तांबे का नाग और गागर चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पुलिस को फुटेज और शिकायत दोनों सौंपे गए हैं, बावजूद इसके अब तक चोरों तक नहीं पहुंचा जा सका है।

लगातार हो रही चोरियों से स्थानीय श्रद्धालु दहशत और असंतोष में हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से तत्काल कार्रवाई करते हुए चोरों को गिरफ्तार करने और मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *