पौड़ी

अटल आवास योजना से बदली गुड्डी देवी की जिंदगी, अब पक्के घर में सुकून और सम्मान का जीवन

पौड़ी। मुख्यमंत्री की जनकल्याणकारी सोच और गरीब वर्ग के उत्थान के प्रति संवेदनशीलता का ही परिणाम है कि आज समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँच रहा है। इसी कड़ी में समाज कल्याण विभाग की अटल आवास योजना ने विकासखंड पौड़ी की ग्राम पंचायत केवर्स की अनुसूचित जाति की निराश्रित विधवा गुड्डी देवी की जिंदगी को नई दिशा दी है।

वित्तीय वर्ष 2023-24 में इस योजना के अंतर्गत गुड्डी देवी को ₹1 लाख 20 हजार की सहायता राशि प्रदान की गई। इस आर्थिक सहयोग से उन्होंने अपने परिवार के लिए पक्का मकान और शौचालय का निर्माण कराया। पहले जर्जर कच्चे घर में रह रही गुड्डी देवी आज अपने नए पक्के घर में सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी रही हैं।

गुड्डी देवी ने बताया कि बरसात के दिनों में छत टपकती थी और दीवारों से पानी रिसता था, जिससे बच्चों को संभालना मुश्किल हो जाता था। उन्होंने कहा, “जब अटल आवास योजना से मुझे सहायता मिली तो विश्वास नहीं हुआ कि अब मेरा भी अपना घर होगा। आज अपने पक्के घर में सुकून से रहना किसी सपने से कम नहीं है।” उन्होंने नया आवास मिलने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित डुबरिया ने बताया कि मुख्यमंत्री तथा जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि कोई भी जरूरतमंद परिवार बिना छत के न रहे। उन्होंने कहा कि अटल आवास योजना समाज के कमजोर वर्गों को सशक्त बनाने में मील का पत्थर साबित हो रही है। विभाग का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजना से जोड़ा जाए, ताकि हर जरूरतमंद को आवास का लाभ मिल सके।

उन्होंने कहा कि शासन की यह योजना न केवल आर्थिक सहयोग प्रदान करती है, बल्कि आत्मनिर्भरता और सम्मानजनक जीवन की दिशा में लोगों को प्रेरित भी करती है।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *