पौड़ी

कोटद्वार में महिला एवं बाल पोषण मेले का आयोजन, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण ने किया शुभारंभ

पौड़ी। कोटद्वार में महिला एवं बाल पोषण मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष श्रीमती ऋतु खंडूरी भूषण मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अति विशिष्ट अतिथि द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां महिला एवं बाल पोषण की नींव हैं।

उन्होंने कहा कि उनके सतत प्रयासों से नौनिहाल बच्चों, गर्भवती महिलाओं, किशोरी बालिकाओं एवं मातृशक्ति को सही पोषण, स्वास्थ्य जागरूकता और सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त हो रहा है।

उन्होंने कहा कि समाज के सबसे कमजोर वर्ग तक पोषण और स्वास्थ्य सुविधाओं को पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के दौरान बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर संतोषी गुसाई ने पोषण माह के उद्देश्य एवं गतिविधियों पर विस्तृत जानकारी दी।

मंच से उपस्थित मातृशक्ति एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पोषण अभियान केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि एक सामाजिक आंदोलन है, जिसमें हर नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।

इस अवसर पर 5 नवजात शिशुओं को महालक्ष्मी किट, 10 बालिकाओं को किशोरी किट, तथा 3 अति कुपोषित बच्चों को पोषण किट वितरित की गई।

इसके साथ ही सात महिलाओं की गोदभराई एवं चार बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का संचालन प्रभारी बाल विकास परियोजना अधिकारी, दुगड्डा — शिवाली द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष राज गौरव नौटियाल सहित विभागीय अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

(सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *