उत्तराखंड क्रांति दल ने गांधी पार्क में धामी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर राष्ट्रपति शासन की मांग की
देहरादून। उत्तराखंड क्रांति दल ने सोमवार को गांधी पार्क में उत्तराखंड सरकार विसर्जन कार्यक्रम आयोजित किया। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने प्रदेश में फैली अराजकता, पुलिस की कथित बर्बरता, पेपर लीक, शिक्षा और भू माफिया जैसी समस्याओं का उल्लेख करते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

केंद्रीय अध्यक्ष महिला मोर्चा मेजर संतोष भंडारी ने कहा कि जनता सरकार की अराजकता और पुलिस की दमनकारी कार्रवाई से त्रस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा, भू और खनन माफिया के प्रभाव के कारण आम लोग लगातार उत्पीड़ित हो रहे हैं, जबकि विधायक, मंत्री और मुख्यमंत्री इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे।
केंद्रीय उपाध्यक्ष आशुतोष नेगी ने कहा कि प्रदेश में जो भी सरकार के खिलाफ आवाज उठाता है, उस पर झूठे मुकदमे थोपे जाते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले कई हत्याकांड, पेपर लीक और आपदा पीड़ितों के साथ भेदभाव प्रदेश में आम हो गया है।
वक्ताओं ने बताया कि बढ़ती अराजकता और प्रशासनिक विफलता को देखते हुए राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग की जा रही है। उत्तराखंड क्रांति दल ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर सरकार को तुरंत बर्खास्त करने और राष्ट्रपति शासन लागू करने की सिफारिश की।
