जनपद पौड़ी में धूमधाम से मनायी गयी पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 138 वीं जयंती
पौड़ी। महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, कुशल प्रशासक एवं उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 138वीं जयंती जनपद पौड़ी गढ़वाल में बड़े उत्साह व धूमधाम से मनायी गयी। इस अवसर पर जिले भर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

जी.बी. पंत इंजीनियरिंग कॉलेज घुड़दौड़ी में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिलाधिकारी गढ़वाल स्वाति एस. भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, नगर पालिका अध्यक्षा पौड़ी हिमानी नेगी सहित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने पंडित पंत जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। जिलाधिकारी ने कॉलेज छात्र-छात्राओं द्वारा लगाई गई चित्रकला प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
इसके पश्चात जिला प्रशासन एवं संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिला कलेक्ट्रेट प्रांगण में विचार गोष्ठी का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्यों ने पंत जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान पर प्रकाश डाला।

अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत का जीवन सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। छात्रों को चाहिए कि वे पंत जी के त्याग, समर्पण और ईमानदारी को जीवन का आदर्श बनाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें।
नगर पालिका अध्यक्षा हिमानी नेगी ने पंत जी की जयंती को गौरव दिवस बताते हुए कहा कि हमें उनके पदचिह्नों पर चलते हुए समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
जयंती पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया।
भाषण प्रतियोगिता (सीनियर वर्ग) में रा. इ. कॉ. निसणी के नमन रावत प्रथम, रा. क. इ. कॉ. पौड़ी नगर की ऐश्वर्या नौटियाल द्वितीय तथा रा. क. उ. मा. विद्यालय ल्वाली की साक्षी तृतीय स्थान पर रहीं।
निबंध प्रतियोगिता (जूनियर वर्ग) में रा. क. इ. कॉ. पैडुल की प्राची प्रथम, रा. क. उ. मा. विद्यालय ल्वाली की अंकिता नेगी द्वितीय तथा डी.ए.वी. इ. कॉ. पौड़ी नगर की इल्मा तृतीय स्थान पर रहीं।

इसके अलावा जनपद के विभिन्न स्थानों पर भी पंडित पंत की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गयी।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत, उपजिलाधिकारी रेखा आर्य, प्रभारी पुरातत्व इकाई अनिरुद्ध सिंह बिष्ट, भूतपूर्व सैनिक एसोसिएशन अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राणा सहित विभिन्न अधिकारी, कर्मचारी व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
