पौड़ी

सहकारिता से समृद्धि की ओर, पौड़ी जनपद में समीक्षा बैठक

श्रीनगर। अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 के अवसर पर स्टेट नोडल ऑफिसर एवं अपर निबंधक सहकारिता आनंद शुक्ल की अध्यक्षता में जिला सहकारी बैंक एवं विभागीय कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में सहकारिता की प्रगति, बैंकिंग सुधार, ऋण वसूली, एनपीए, कंप्यूटरीकरण, नए खातों का सृजन तथा दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना सहित 12 मुख्य बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

जनपद पौड़ी गढ़वाल के सभी अपर जिला सहायक विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी, सुपरवाइजर एवं समितियों के सचिवों से प्रगति रिपोर्ट ली गई।

स्टेट नोडल ऑफिसर ने स्पष्ट किया कि 20 लाख से कम मुनाफा अर्जित करने वाली शाखाओं के प्रबंधकों पर एक वर्ष के भीतर कार्रवाई होगी, वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रबंधकों को सम्मानित कर वेतनवृद्धि दी जाएगी।

बैठक में नैनीडांडा विकासखंड की समिति उमेठा (2.6 करोड़), काफलटांडा (2 करोड़) तथा रिखणीखाल विकासखंड की समिति बसाड़ा (39 लाख) को उत्कृष्ट लाभ अर्जित करने पर सराहना मिली। कमजोर समितियों को दिसंबर तक सुधार लाने और बिजनेस डेवलपमेंट कर आर्थिक स्थिति मजबूत करने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर जिला सहायक निबंधक पान सिंह राणा, जिला सहकारी बैंक पौड़ी के महाप्रबंधक संजय रावत, जिला उप प्रबंधक नाबार्ड हिमांक शर्मा सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

सहकारिता गोष्ठी का आयोजन

इसी क्रम में श्रीनगर में सहकारिता गोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। इसमें सहकार बंधुओं, अधिकारियों और सहकारिता विशेषज्ञों ने भाग लिया। कार्यक्रम में सहकारिता की उपलब्धियों और भावी संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ।

कार्यक्रम के अंत में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत फलदार वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर राज्य सहकारी संघ के पूर्व अध्यक्ष मातबर सिंह रावत, राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड के निवर्तमान उपाध्यक्ष महावीर कुकरेती, निदेशक इफको देहरादून उमेश त्रिपाठी सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *