सतपुली झील व एंगलर हट का डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण, लैंसडॉन टिप इन टॉप पर लगेगा टेलिस्कोप
पौड़ी/सतपुली/ लैंसडॉन। जिलाधिकारी गढ़वाल स्वाति एस. भदौरिया ने सोमवार को निर्माणाधीन सतपुली झील व एंगलर हट का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बैराज का जायज़ा लेते हुए निर्माणदायी संस्था सिंचाई विभाग को झील निर्माण की विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिये।

जिलाधिकारी ने झील निरीक्षण के उपरांत पर्यटन विभाग एवं साहसिक खेलों से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी ली। एंगलर हट सतपुली के निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि हटों के संचालन हेतु शीघ्र टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ की जाए। साथ ही हटों में आवश्यक व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं के सृजन हेतु प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिये।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने सतपुली में निर्माणाधीन पार्किंग व 40 बेड के टूरिस्ट रेस्ट हाउस की प्रगति का जायज़ा लिया और निर्माणदायी संस्था को कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये।

उन्होंने जिला पर्यटन अधिकारी को लैंसडाउन के टिप इन टॉप पर मचान निर्माण हेतु स्थल चयन करने और मचान के ऊपर टेलिस्कोप लगाए जाने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सतपुली श्रेष्ठ गुनसोला, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, सहायक अभियंता सिंचाई विभाग संदीप कुमार मौर्य, कनिष्ठ अभियंता संदीप कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
