घटिया निर्माण की भेंट चढ़ा गुमखाल ऋषिकेश मोटर मार्ग
*जगह-जगह गड्ढे, उखड़ा डामर और खुले सरिए से हादसे का खतरा*
द्वारीखाल। क्षेत्र का प्रमुख कोटद्वार–गुमखाल–ऋषिकेश मोटर मार्ग बदहाल स्थिति में पहुँच चुका है। द्वारीखाल और चैलूसैंण के बीच सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं, कहीं डामर उखड़ा हुआ है तो कहीं सड़क पर गिट्टी और पत्थर बिखरे पड़े हैं। बरसात के मौसम में गड्ढों में पानी भरने से राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
द्वारीखाल से खजरीखाल की ओर जाते समय पहाड़ी से बहते पानी के कारण RCC मार्ग का सीमेंट बह चुका है और सरिए बाहर निकल आए हैं, जो किसी बड़े हादसे को न्योता दे रहे हैं।

चैलूसैंण रेंजर ऑफिस के पास सड़क के बीच बने गहरे गड्ढे में पानी व कीचड़ भरा रहता है। इससे आए दिन दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर रहे हैं। फोर व्हीलर चालकों को भी यहाँ बेहद सावधानी बरतनी पड़ रही है।
मार्ग पर कई जगह सड़क दब चुकी है, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है। यात्रियों का कहना है कि उन्हें रोज जान जोखिम में डालकर यात्रा करनी पड़ रही है।

लोगों का कहना है कि सड़क का डामरीकरण व निर्माण कार्य घटिया गुणवत्ता से किया गया है। यह मार्ग जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के आवागमन का प्रमुख रास्ता होने के बावजूद इसकी सुध नहीं ली जा रही है।
स्थानीय जनता ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से शीघ्र मरम्मत और पुनर्निर्माण कार्य कराने की मांग की है, ताकि हादसों की आशंका को टाला जा सके।
