उत्तराखंडपौड़ी

कलियासौड़ में यात्रियों की सुविधा के लिए बनेगा वे साइड एमीनिटी सेंटर

धारी देवी मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को एक ही स्थान पर मिलेगी कैफे व जनसुविधा

स्थानीय महिलाओं को मिलेगा रोजगार, पहाड़ी शैली में बनेगा भवन

पौड़ी। सिद्धपीठ धारी देवी मंदिर मार्ग पर राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे कलियासौड़ में यात्रियों की सुविधा के लिए वे साइड एमीनिटी सेंटर का निर्माण किया जाएगा। यह केंद्र यात्रियों को अल्प विश्राम, कैफे, आउटलेट सेंटर और जनसुविधा की सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराएगा।

इस केंद्र का संचालन स्थानीय निवासियों के क्लस्टर लेवल फेडरेशन (CLF) द्वारा किया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय महिलाओं और युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। केंद्र के निर्माण के लिए ग्रामोत्थान परियोजना से 60 लाख रुपये और पर्यटन विभाग से 20 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। शेष धनराशि अन्य विभागों से उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवन्त ने बताया कि केंद्र को पहाड़ी शैली में बनाया जाएगा और यह दो मंजिला भवन होगा।

भूतल पर बाथरूम, शौचालय, बेबी केयर रूम और वेटिंग रूम होंगे।

प्रथम तल पर कैफे व आउटलेट सेंटर होंगे, जहां स्थानीय व्यंजन, उत्पाद और हस्तशिल्प उपलब्ध कराए जाएंगे।

साथ ही यात्रियों के लिए सड़क किनारे वाहन पार्किंग की सुविधा भी रहेगी।

उन्होंने बताया कि केंद्र का संचालन जय धारी माँ फेडरेशन करेगा, जिसमें 11 गांवों के 39 स्वयं सहायता समूहों के 236 सदस्य जुड़े हैं।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों और यात्रा मार्गों पर ऐसे वे साइड एमीनिटी केंद्र बनाए जा रहे हैं, जिनसे तीर्थयात्रियों को सुविधा मिलने के साथ-साथ स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा और महिलाओं को आजीविका के अवसर प्राप्त हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *