उत्तराखंडपौड़ी

गढ़वाल-कुमाऊं को जोड़ेगा बहुप्रतीक्षित सिंगटाली पुल, मुख्यमंत्री धामी ने दी 57 करोड़ की स्वीकृति

पौड़ी। गढ़वाल और कुमाऊं को जोड़ने वाले बहुप्रतीक्षित सिंगटाली पुल के निर्माण को हरी झंडी मिल गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस पुल के लिए 57 करोड़ 5 लाख 25 हजार रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है।

मुख्यमंत्री की पूर्व घोषणा के क्रम में जनपद पौड़ी गढ़वाल की यमकेश्वर विधानसभा में प्रस्तावित इस पुल को लेकर शासन द्वारा मंगलवार को प्रमुख अभियंता, लोक निर्माण विभाग को आदेश जारी कर दिए गए हैं।

कौड़ियाला–व्यासघाट मोटर मार्ग के किमी 1 पर गंगा नदी पर बनने वाले सिंगटाली पुल की लंबाई 150 मीटर होगी। मुख्यमंत्री के विशेष निर्देश पर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में व्यय वित्त समिति पहले ही इस प्रस्ताव को मंजूरी दे चुकी थी।

सरकार का कहना है कि अब सभी बाधाएं दूर हो चुकी हैं और पुल निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सिंगटाली पुल की मांग जनता लंबे समय से कर रही थी। इस पुल से गढ़वाल और कुमाऊं के बीच संपर्क मजबूत होगा तथा विकास कार्यों को गति मिलेगी। सरकार का लक्ष्य है कि निर्धारित समय सीमा में पुल का निर्माण कार्य पूरा कर जनता को समर्पित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *