जिला पंचायत चुनाव में गड़बड़ी का आरोप : नैनीताल जिला पंचायत के वरिष्ठ अधिवक्ता ने पद से दिया इस्तीफा
नैनीताल। जिला पंचायत नैनीताल के वरिष्ठ अधिवक्ता रवीन्द्र सिंह बिष्ट ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने त्यागपत्र में स्पष्ट लिखा है कि 14 अगस्त 2025 को जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव के दिन मतदान केंद्र पीसीआर से पुलिस की मिलीभगत से जिला पंचायत के पांच नवनिर्वाचित सदस्यों का अपहरण हुआ। इस दौरान पुलिस मूकदर्शक बनी रही और कोई कार्रवाई नहीं की।

बिष्ट ने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष न्याय की उम्मीद नहीं की जा सकती, इसलिए उन्होंने अपने पद से इस्तीफा देने का निर्णय लिया है।
उन्होंने जिला पंचायत नैनीताल को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्हें पिछले 20 वर्षों से भी अधिक समय तक उच्च न्यायालय में अपना पक्ष रखने का अवसर मिला।
वरिष्ठ अधिवक्ता ने 14 अगस्त की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण और लोकतंत्र को कलंकित करने वाली बताया और कहा कि इसी कारण विवश होकर उन्हें अपने पद से त्यागपत्र देना पड़ा।
