उत्तरकाशीउत्तराखंडऋषिकेश

धराली, उत्तरकाशी के लिए परमार्थ निकेतन से राहत सामग्री की दूसरी खेप रवाना

ऋषिकेश। धराली (उत्तरकाशी) और आसपास के क्षेत्रों में आई आपदा से प्रभावित परिवारों के लिए परमार्थ निकेतन, ऋषिकेश से राहत सामग्री की दूसरी खेप रवाना की गई। इस खेप में राशन, दवाइयां, कपड़े, साड़ियां, कंबल, सेनेटरी नैपकिन, साबुन, टूथपेस्ट, ब्रश, हैंडवॉश और अन्य आवश्यक वस्तुएं शामिल हैं।

राहत सामग्री को परमार्थ निकेतन के सेवादल, ऋषिकुमारों और स्वयंसेवकों ने तैयार किया। हर पैकेट के साथ शुभकामनाएं और प्रार्थनाएं भी भेजी गईं, ताकि पीड़ित परिवारों को सहारा और आशा मिल सके।

स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने इस अवसर पर कहा, “आप अकेले नहीं हैं, पूरा भारत आपके साथ खड़ा है। सेवा ही सच्चा साधना मार्ग है और संकट के समय एक परिवार की तरह सहारा बनना हमारी संस्कृति है।” उन्होंने कहा कि जो खो गया वह वापस नहीं आ सकता, लेकिन एकजुट होकर हम पीड़ा को कम कर सकते हैं।

स्वामी जी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से वार्ता कर आगे भी जरूरत पड़ने पर और राहत सामग्री भेजने तथा पुनर्वास कार्य में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने उत्तराखंड सरकार, भारतीय सेना, स्थानीय प्रशासन, एनडीआरएफ, पुलिस बल, स्वास्थ्यकर्मियों और सभी स्वयंसेवी संगठनों का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने आपदा के समय त्वरित और निस्वार्थ सेवा देकर अनेक जीवन बचाए।

राहत सामग्री को रवाना करते समय परमार्थ गुरुकुल के ऋषिकुमारों ने मां गंगा से प्रार्थना की कि प्रभावित परिवारों को धैर्य, शक्ति और जीवन में पुनः समृद्धि मिले। स्वामी जी ने कहा कि जब तक धराली के हर घर में फिर से खुशियां नहीं लौटतीं, तब तक सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *