उत्तराखंडपौड़ी

उच्च मूल्य और गुणवत्ता वाली फसलों पर फोकस करें: जिलाधिकारी

अयाल में अमृत सरोवर और रछुली में नर्सरी का किया निरीक्षण

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने आज विकासखंड पौड़ी के अयाल और रछुली गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अमृत सरोवर, नर्सरी, बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों एवं पुश्तों का निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिए।

अयाल गांव में अमृत सरोवर का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने इसे जल संरक्षण, सिंचाई और मत्स्य पालन के लिए साझा संपत्ति बताया और लाभ सभी ग्रामीणों तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने मछली पालन में अधिक ग्रामीणों को जोड़ने, सरोवर के आसपास पौधारोपण कराने और पेयजल लाइनों को भूमिगत करने के निर्देश दिए। बारिश से क्षतिग्रस्त रास्तों और पुश्तों के शीघ्र सुधार के भी निर्देश दिए।

रछुली गांव में, जहां वह डेढ़ किलोमीटर पैदल चलकर पहुंचीं, जिलाधिकारी ने हिमोत्थान के सहयोग से संचालित नर्सरी का निरीक्षण किया। यहां महिला समूह सुगंध पौध, सिट्रस और चारापत्ती की पौध तैयार कर रहा है। उन्होंने समूह को पौध रोपण, शिफ्टिंग और देखभाल का प्रशिक्षण दिलाने, उच्च मूल्य की फसलों को प्राथमिकता देने और उत्पाद की बिक्री के लिए खरीदारों से टाई-अप कराने के निर्देश दिए, ताकि महिलाओं को बेहतर लाभ मिल सके। साथ ही अन्य स्वरोजगार अपनाने के लिए भी प्रेरित किया।

उन्होंने जिला विकास अधिकारी को निर्देश दिया कि मुख्य पहुंच मार्गों और स्कूल-अस्पताल से जुड़ी महत्वपूर्ण सड़कों का निर्माण मनरेगा से सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, खंड विकास अधिकारी सौरभ हांडा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *