उत्तराखंडपौड़ी

अतिवृष्टि के बाद राहत कार्य में तेजी: पौड़ी में 255 सड़कें खुलीं, पेयजल–बिजली आपूर्ति बहाल

पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल में 6 अगस्त को हुई अतिवृष्टि और भूस्खलन के बाद राहत और पुनर्बहाली कार्य तेज़ी से जारी है। जिला प्रशासन के अनुसार, प्रभावित 275 सड़कों में से 255 पर यातायात सुचारु कर दिया गया है, जबकि शेष पर कार्य जारी है।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने संबंधित विभागों को सड़क, पेयजल और विद्युत आपूर्ति को युद्धस्तर पर बहाल करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आपदा प्रभावित आवास और गौशालाओं के मामलों में तुरंत लोगों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने और राहत सामग्री उपलब्ध कराने को भी कहा है।

सड़क और पेयजल आपूर्ति में प्रगति

पीएमजीएसवाई की 76 में से 66 और लोक निर्माण विभाग की 199 में से 190 सड़कें खोल दी गई हैं। वहीं, क्षतिग्रस्त 70 पेयजल योजनाओं में से 64 से आपूर्ति बहाल की जा चुकी है।

बिजली आपूर्ति लगभग सामान्य

ऊर्जा निगम की क्षतिग्रस्त लाइनों की मरम्मत कर 163 में से 158 गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है।

आर्थिक सहायता और जनहानि

आपदा में 338 गांव प्रभावित हुए, 3 महिलाओं की मृत्यु, 5 लोग घायल हुए तथा बांकुड़ा गांव में 5 नेपाली मजदूर बाढ़ में लापता हैं। प्रभावित परिवारों को लगभग 50 लाख रुपये की वित्तीय सहायता दी गई है। प्राथमिक सर्वेक्षण में 136 भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र चिह्नित किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *