च्वरा से शांता सुयाल ने प्रधान पद के लिए भरा नामांकन, ग्राम विकास, शिक्षा और जनसेवा को बताया उद्देश्य
*च्वरा से शांता सुयाल ने प्रधान पद के लिए दाखिल किया नामांकन, शिक्षा और जनसेवा को बताया उद्देश्य*
द्वारीखाल। द्वारीखाल ब्लॉक की राजनीति में इस बार पढ़े-लिखे और जागरूक लोगों की भागीदारी बढ़ती दिखाई दे रही है। यदि यह प्रवृत्ति ईमानदारी और समर्पण के साथ आगे बढ़ती है, तो यह क्षेत्रीय राजनीति के लिए शुभ संकेत माना जा सकता है।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत च्वरा से श्रीमती शांता सुयाल, पत्नी कुलानंद सुयाल ने प्रधान पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है। शांता सुयाल एक शिक्षित महिला हैं और उन्होंने B.Ed तक की शिक्षा प्राप्त की है।

शांता सुयाल रिवर्स पलायन की दिशा में भी कार्य कर रही हैं। उनका मानना है कि गांव के लोग आज भी सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं, जिससे वे मजबूरी में शहरों की ओर पलायन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा “पलायन से न सिर्फ गांव खाली हो रहे हैं, बल्कि हमारे सामाजिक ढांचे और स्वास्थ्य पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ रहा है।”
शांता सुयाल ने अपने बयान में कहा कि यदि उन्हें जनता का आशीर्वाद मिला, तो वे ग्राम सभा के चहुँमुखी विकास, महिला उत्थान, रिवर्स पलायन, कृषि और पशुपालन को पुनर्जीवित करने और बुजुर्गों के सम्मानजनक जीवन के लिए काम करेंगी।
“इस उम्र में राजनीति का कोई शौक नहीं, उनके मन में सिर्फ सेवा का भाव है,” च्वरा से शांता सुयाल की दावेदारी ग्राम पंचायत चुनाव में एक सकारात्मक और प्रेरणादायक पहल के रूप में देखी जा रही है। जनता का समर्थन उन्हें कितना मिलता है, यह आने वाले समय में साफ होगा।
