ग्राम बल्ली डाडामंडी में भूमिया देवता और मां दुर्गा प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम आयोजित
प्रमुख प्रशासक महेंद्र सिंह राणा ने की पूजा अर्चना, ग्रामवासियों और प्रवासियों ने लिया उत्साहपूर्वक भाग
द्वारीखाल। विकासखंड द्वारीखाल के ग्राम बल्ली डाडामंडी में गुरुवार को भूमिया देवता पूजन एवं मां दुर्गा की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में प्रमुख संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष एवं द्वारीखाल प्रशासक महेंद्र सिंह राणा ने विधिवत पूजा-अर्चना कर ग्रामवासियों के मंगल, सुख और समृद्धि की कामना की।

ग्राम बल्ली पहुंचने पर महेंद्र सिंह राणा का स्थानीय निवासियों, प्रवासी भाई-बहनों, महिला समूहों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ भव्य स्वागत किया गया। पूजा कार्यक्रम में प्रवासी जनों, दिशा-ध्याणियों एवं ग्रामवासियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर आस्था और एकता का परिचय दिया।
अपने संबोधन में महेंद्र सिंह राणा ने कहा, “हमारे उत्तराखंड में देवी-देवताओं की विशेष मान्यता है। जब कोई विपत्ति आती है, तभी नहीं, बल्कि हमें नित्य उनके स्मरण का अभ्यास करना चाहिए। हमारे देवी-देवता हमारी संस्कृति और रक्षा के प्रतीक हैं।” उन्होंने प्रवासी नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपने आधार कार्ड और मतदाता सूची में नाम दर्ज अवश्य करवाएं, जिससे क्षेत्र की जनसंख्या वास्तविक रूप में दर्ज हो सके और विकास कार्यों हेतु अधिक संसाधन प्राप्त हों। उन्होंने कार्यक्रम में आमंत्रण हेतु समस्त ग्रामवासियों, मातृशक्ति और प्रवासियों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान उषा देवी, मंदिर समिति अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह रावत, कोषाध्यक्ष चंद्र सिंह रावत, सदस्य सूरी भाई, पूर्व प्रधान सीता देवी व शिवरतन सिंह, खाद्य विभाग के डिप्टी कमिश्नर राजेंद्र सिंह रावत, प्रमोद कुमार, दिलीप जैन, बोंठा के प्रधान चंद्र मोहन सिंह, भलगांव के प्रधान प्रभाकर डोबरियाल, प्रधान संगठन अध्यक्ष अर्जुन सिंह नेगी, पूर्व वीडीओ पंचायत मनमोहन बिष्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य मस्तान सिंह, छत्रपाल सिंह, संजीव जुयाल समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, दिशा-ध्याणी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
