उत्तराखंडपौड़ी

कुमाल्डी में पर्यावरण संरक्षण पर जागरूकता अभियान, पूर्व मुख्यमंत्री कोश्यारी ने दिया संदेश – “पेड़ बचाओ, प्रकृति से नाता निभाओ”

पौड़ी। विकासखंड रिखणीखाल के अंतर्गत राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुमाल्डी में विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष में एक सेमिनार और जनजागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन आधारशिला संस्थान के तत्वावधान में किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों ने भाग लिया और क्षेत्रवासियों को पर्यावरणीय व सामाजिक योजनाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने विभागीय स्टाॅलों का निरीक्षण कर कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि “पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। हमें अपनी भावी पीढ़ियों को स्वच्छ, हरा-भरा और सुरक्षित वातावरण देने की जिम्मेदारी को समझना होगा।” उन्होंने पेड़-पौधों की देखभाल को बच्चों की तरह करने और गांव से जुड़े रहने पर बल दिया। साथ ही कहा कि भारत की सांस्कृतिक परंपरा में पेड़ काटे नहीं, पूजे जाते हैं – यह चिंतन पूरी दुनिया में अनुकरणीय है।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि प्रशासन द्वारा दूरस्थ क्षेत्रों में कैंप लगाकर आमजन की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। उन्होंने उपस्थित विभागों को निर्देशित किया कि वे ग्रामीणों की समस्याओं को प्राथमिकता से लें। उन्होंने ग्रामीण घरों में जाकर गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच, पेंशन से वंचित लोगों की पहचान, प्रमाणपत्रों की निर्गति, पशुओं की हेल्थ स्क्रीनिंग और चारे की समस्याओं के समाधान को निर्देशित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे उत्तराखंड गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र प्रसाद अंथवाल ने कहा कि “पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की नैतिक जिम्मेदारी है।” उन्होंने युवाओं से प्रकृति से जुड़ाव बनाकर गांवों को स्वच्छ व हरा-भरा रखने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान पशुपालन, समाज कल्याण, कृषि, उद्यान, राजस्व, बाल विकास, स्वास्थ्य विभाग एवं ग्रामोत्थान परियोजना (रीप) द्वारा स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से कुमाल्डी और रथुवाढाब क्षेत्र के लोगों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली रा.उ.मा.वि. की छात्राओं को सम्मानित किया गया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले आठ महिला मंगल दलों को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवन्त, उपजिलाधिकारी लैंसडौन शालिनी मौर्य, आधारशिला संस्थान अध्यक्ष नरेश चंद्र घिल्डियाल, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वीके यादव, मुख्य पशु-चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आदिल अली, महाप्रबंधक उद्योग सोमनाथ गर्ग, थानाध्यक्ष संजय सिंह असवाल सहित कई प्रशासनिक अधिकारी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *