बिलखेत में शुरू हुई कमर्शियल टेंडम पैराग्लाइडिंग, पहले दिन भरी गईं सात उड़ानें
नयार घाटी में साहसिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद
सतपुली/पौड़ी गढ़वाल। नयार घाटी में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में बिलखेत में कमर्शियल टेंडम पैराग्लाइडिंग शुरू हो गई है। पर्यटन विभाग से अनुमति मिलने के बाद एडवेंचर बकेट कंपनी ने पर्यटकों के लिए उड़ानें शुरू कर दी हैं। पहले दिन कंपनी के पायलट मयंक बिष्ट और तारा सिंह डंगवाल ने स्थानीय युवाओं के साथ सात उड़ानें भरीं।

पैराग्लाइडिंग शुरू होने से पर्यटकों को नयार घाटी के प्राकृतिक सौंदर्य को आसमान से निहारने का अवसर मिलेगा। साथ ही क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी केके जोशी ने बताया कि पर्यटन निदेशालय से अनुमति मिलने के बाद बिलखेत में कमर्शियल टेंडम पैराग्लाइडिंग शुरू की गई है। इससे नयार घाटी में साहसिक पर्यटन गतिविधियों का विस्तार होगा और क्षेत्र को नए पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी। पर्यटक टेंडम पैराग्लाइडिंग के लिए फोन के माध्यम से बुकिंग करा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि पैराग्लाइडिंग के लिए कल्जीखाल विकासखंड के ढाढ़ूखाल से उड़ान भरी जा रही है, जबकि बिलखेत में राजकीय इंटर कॉलेज के समीप मैदान में लैंडिंग की व्यवस्था की गई है।
वहीं, एडवेंचर बकेट कंपनी के संचालक विक्रम नेगी ने बताया कि कमर्शियल उड़ानें शुरू होने से पर्यटक नयार घाटी की प्राकृतिक सुंदरता को आसमान से देख सकेंगे। इससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

