पौड़ी

सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज: कोटद्वार में पौड़ी के युवाओं ने दिखाए दमदार स्टार्टअप आइडिया, 20 टीमों ने पेश किया बिजनेस प्लान

कोटद्वार/पौड़ी। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला उद्योग केंद्र, कोटद्वार में आयोजित ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ में जिले के युवाओं का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में 55 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जबकि 20 युवा समूहों ने अपने अनूठे और नवाचारपूर्ण स्टार्टअप आइडिया निर्णायक मंडल के सामने पेश किए।

इस इनोवेशन चैलेंज में एनआईटी श्रीनगर, जी.बी. पंत विश्वविद्यालय (घुड़दौड़ी) और आईएचएमएस कोटद्वार के छात्र-छात्राओं समेत कई स्थानीय युवाओं ने अपने व्यावसायिक प्रस्ताव साझा किए।

इनक्यूबेशन और फंडिंग के मिलेंगे गुर

निर्णायक मंडल ने सभी 20 प्रस्तुतियों का सूक्ष्म मूल्यांकन कर प्रतिभागियों को अपने आइडिया को वास्तविक बाजार में सफल उद्यम में बदलने के लिए व्यावहारिक सुझाव दिए। इस दौरान युवाओं को स्टार्टअप रजिस्ट्रेशन, इनक्यूबेशन प्रक्रिया और मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के तहत मिलने वाली सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी गई।

उद्योग जगत और विशेषज्ञों ने किया मूल्यांकन

कार्यक्रम के सफल संचालन और मूल्यांकन में जिला उद्योग केंद्र की प्रबंधक उपासना सिंह, आईआईएम काशीपुर के प्रोजेक्ट लीड कपिल कुमार मौर्य, एएलसी कोटद्वार सिरताज सिंह रांगड़, तनुज पुंडीर, दर्शन उनियाल, डिजिटल मार्केटिंग विशेषज्ञ विवेक जदली तथा स्थानीय उद्यमी चमनलाल शर्मा एवं दीपक बनियाल शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *