पौड़ी

गड्ढामुक्त सड़क अभियान में युद्धस्तर पर जुटे लोनिवि और पीएमजीएसवाई के सभी खंड

सड़क मरम्मत के साथ नाली सफाई और झाड़ी कटान पर जोर, एसडीएम करेंगे कार्यों का स्थलीय सत्यापन

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जनपद की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के सभी खंडों में युद्धस्तर पर पैच मरम्मत और सड़क सुधार का कार्य किया जा रहा है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में सड़क मरम्मत के साथ नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटान और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।

प्रशासन की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में कराए जा रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता की निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में उपजिलाधिकारी कोटद्वार संदीप कुमार ने लोनिवि अधिकारियों के साथ कौड़िया-मोटाढाक और कोटद्वार-मवाकोट-कण्वाश्रम मोटर मार्ग का निरीक्षण किया। कौड़िया-मोटाढाक मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर किए गए पैच कार्यों की स्थिति देखी गई। अधिक क्षतिग्रस्त स्थानों पर टाइल्स से की गई मरम्मत का भी जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर सड़क में दरार और बारिश के कारण पैच उखड़ने की स्थिति सामने आई। इस पर संबंधित विभाग को प्रभावित स्थानों पर दोबारा आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। सहायक अभियंता ने बताया कि मौसम साफ होने के बाद प्रभावित स्थानों पर पुनः मरम्मत का कार्य कराया जाएगा।

वहीं संयुक्त मजिस्ट्रेट पौड़ी गौरी प्रभात ने प्रांतीय खंड के कनिष्ठ अभियंता नरेंद्र डंडरियाल के साथ पौड़ी-खोलाचौरी और पौड़ी-कालेश्वर मोटर मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान करीब 20 स्थानों पर किए गए पैच कार्यों की स्थिति देखी गई और आवश्यक सुधार के संबंध में संबंधित विभाग को निर्देशित किया गया।

नालियों की सफाई और झाड़ी कटान पर भी जोर

जिले के अन्य क्षेत्रों में भी उपजिलाधिकारी स्तर से सड़कों की स्थिति का जायजा लिया जा रहा है। सड़क सुधार अभियान के तहत क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत के साथ सड़क किनारे उगी झाड़ियों की कटान, नालियों की सफाई और जल निकासी मार्गों को सुचारु रखने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य बारिश के दौरान सड़क पर पानी जमा होने से होने वाले नुकसान को रोकना है।

गड्ढे भरने तक सीमित नहीं रहेगा अभियान

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने स्पष्ट किया है कि गड्ढामुक्ति अभियान केवल गड्ढे भरने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि सड़क की समग्र स्थिति को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुधार किए जाएं। मरम्मत कार्यों में निर्धारित मानकों और गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखने के साथ नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।

जिन मार्गों को गड्ढामुक्त किया जा चुका है, उनका भी सत्यापन कराया जा रहा है। संबंधित अधिशासी अभियंताओं को सत्यापन के बाद प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होगा। साथ ही प्रतिदिन किए जा रहे कार्यों की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की जा रही है, ताकि सड़क मरम्मत, नाली सफाई, झाड़ी कटान और अन्य कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *