पौड़ी

धुमाकोट शिविर में 108 लाभार्थी सहायक उपकरणों के लिए चयनित

92 वरिष्ठ नागरिकों को 526 और 16 दिव्यांगजनों को 20 सहायक उपकरणों के लिए किया गया चयन

पौड़ी। जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग की ओर से भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) के सहयोग से विकासखंड नैनीडांडा के तहसील धुमाकोट में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष परीक्षण एवं चिन्हीकरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन भारत सरकार की एडिप एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत किया गया।

शिविर में 92 वरिष्ठ नागरिकों को 526 सहायक उपकरणों तथा 16 दिव्यांगजनों को 20 सहायक उपकरणों के लिए चयनित किया गया। इस प्रकार कुल 108 लाभार्थियों को 546 सहायक उपकरणों के लिए चिन्हित किया गया। चयनित लाभार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरण बाद में निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे।

जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया ने बताया कि शिविर का लाभ लेने के लिए दिव्यांगजनों के पास आधार कार्ड, न्यूनतम 40 प्रतिशत दिव्यांगता प्रमाण पत्र और निर्धारित आय प्रमाण पत्र होना आवश्यक है। वहीं वरिष्ठ नागरिकों के लिए आधार कार्ड एवं निर्धारित आय प्रमाण पत्र जरूरी है। लाभार्थियों को आवश्यक दस्तावेजों की दो-दो छायाप्रतियां और दो पासपोर्ट साइज फोटो भी साथ लाने होते हैं।

उन्होंने पात्र दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों से सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

शिविर में ब्लॉक प्रमुख नैनीडांडा प्रकीर्ण नेगी, जिला पंचायत सदस्य मुन्नी ध्यानी, कनिष्ठ प्रमुख राजेंद्र पटवाल, उपजिलाधिकारी श्रेष्ठ गुनसोला, बीडीओ प्रमोद चंद्र पांडेय, प्रधान संघ अध्यक्ष मनोज मधवाल, सहायक सांख्यिकी अधिकारी पंकज कुमार यादव, सहायक समाज कल्याण अधिकारी मनीष गुसाईं सहित एलिम्को की टीम मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *