बीरोंखाल जनसेवा शिविर में 276 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ
पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण–जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत विकासखंड बीरोंखाल में आयोजित जनसेवा शिविर में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं से 276 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। शिविर में लोगों को एक ही स्थान पर सरकारी योजनाओं की जानकारी, प्रमाणपत्र, पंजीकरण और शिकायतों के निस्तारण की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

शिविर का शुभारंभ उत्तराखंड माटी कला बोर्ड की उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री (दर्जाधारी मंत्री) अनुराधा वालिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए कहा कि जनसेवा शिविर शासन और जनता के बीच एक प्रभावी सेतु हैं, जिनके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों तक सरकारी योजनाओं का लाभ सरलता से पहुंच रहा है। उन्होंने पात्र लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों का लाभ उठाने की अपील भी की।
शिविर में कृषि एवं उद्यान विभाग ने 22 किसानों को कृषि सामग्री एवं पौधे वितरित किए, जबकि बाल विकास विभाग ने 11 महिलाओं को महालक्ष्मी किट प्रदान की। स्वास्थ्य विभाग ने 98 तथा आयुष विभाग ने 70 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयां वितरित कीं। समाज कल्याण विभाग ने 32 लाभार्थियों को वृद्धावस्था, दिव्यांग एवं विधवा पेंशन योजनाओं से लाभान्वित किया। वहीं राजस्व विभाग ने 13 लोगों को कृषक प्रमाण-पत्र एवं खाता-खतौनी की नकल उपलब्ध कराई। रीप एवं एनआरएलएम के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार 30 उत्पादों का विक्रय भी किया गया।
शिविर में विभिन्न विभागों ने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण किया और समयबद्ध तरीके से लाभ उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख नेहा नेगी सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
