पौड़ी

सतपुली में बाल श्रम उन्मूलन अभियान, निरीक्षण में नहीं मिला कोई बाल श्रमिक

सतपुली। पैन इंडिया रेस्क्यू एंड रिहैबिलिटेशन कैंपेन-4.0 के तहत मंगलवार को सतपुली बाजार क्षेत्र में बाल एवं किशोर श्रम उन्मूलन के उद्देश्य से संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान किसी भी बालक को खतरनाक कार्य में संलग्न नहीं पाया गया तथा कोई भी किशोर प्रतिबंधित या जोखिमपूर्ण कार्यों में नियोजित नहीं मिला।

श्रम प्रवर्तन अधिकारी मोहन बेलवाल के नेतृत्व में जिला टास्क फोर्स (डीटीएफ) की टीम ने कोटद्वार रोड, बाँघाट रोड, पौड़ी रोड और बस स्टेशन क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। अभियान का उद्देश्य बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 (संशोधित 2016) के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना था।

निरीक्षण के साथ-साथ व्यापारियों और आमजन को बाल श्रम उन्मूलन संबंधी कानूनों की जानकारी दी गई। टीम ने बच्चों के अधिकारों की रक्षा तथा बाल श्रम के विरुद्ध जनभागीदारी बढ़ाने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान भी चलाया।

इस अवसर पर जिला बाल संरक्षण इकाई के जनसंपर्क कार्यकर्ता ओमप्रकाश थपलियाल, चाइल्ड हेल्पलाइन के केस वर्कर धर्मेंद्र सिंह, पुलिस विभाग से उपनिरीक्षक रियाज अहमद, हेड कांस्टेबल टीकम सिंह चौहान, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र सिंह तथा सतपुली व्यापार मंडल के अध्यक्ष जयदीप सिंह सहित संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *