चारधाम यात्रा मार्गों पर एमआरपी से अधिक वसूली बर्दाश्त नहीं, होगी सख्त कार्रवाई : आयुक्त
पौड़ी। गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने चारधाम यात्रा मार्गों पर यात्रियों को निर्धारित मूल्य पर खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने और खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि एमआरपी अथवा निर्धारित दर से अधिक मूल्य वसूलने वाले दुकानदारों और प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित खाद्य सुरक्षा एवं आपूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त ने चारधाम यात्रा मार्गों पर खाद्य सुरक्षा, मूल्य नियंत्रण और प्रवर्तन संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी दुकानों, होटल-ढाबों और खाद्य प्रतिष्ठानों में रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित की जाए, ताकि यात्रियों को पारदर्शी और उचित मूल्य पर सेवाएं मिल सकें।
बैठक में आयुक्त ने चारधाम यात्रा शुरू होने के बाद अब तक की गई निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्रवाइयों की रिपोर्ट तलब की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निरीक्षण, सैंपलिंग और प्रवर्तन संबंधी सभी जानकारियां प्रतिदिन गूगल शीट के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएं, जिससे निगरानी और समीक्षा प्रक्रिया अधिक प्रभावी बन सके।
मंडलायुक्त ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सैंपलिंग अभियान में तेजी लाने पर जोर देते हुए कहा कि यात्रा मार्गों पर खाद्य सुरक्षा से जुड़े निरीक्षणों को और अधिक सघन बनाया जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं और यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
बैठक में ट्रांजिट कैंपों में खाद्य सामग्री के लिए अधिक मूल्य वसूले जाने संबंधी शिकायतों पर भी चर्चा हुई। इस पर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने और प्राप्त शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने खाद्य सुरक्षा एवं आपूर्ति विभाग को अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त प्रवर्तन दल गठित करने तथा नियमित निरीक्षण अभियान चलाने के निर्देश दिए। आयुक्त ने कहा कि यात्रियों के हितों की रक्षा, उपभोक्ता अधिकारों के संरक्षण और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में गढ़वाल मंडल के सभी जनपदों के खाद्य सुरक्षा एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।
