उत्तराखंड

राहुल गांधी दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर, अल्मोड़ा में जनसभा और पौड़ी में पूर्व सैनिकों से करेंगे संवाद

देहरादून। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 4 और 5 जून को उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अनुसार आगामी 2027 विधानसभा चुनावों की तैयारियों और संगठनात्मक मजबूती के लिहाज से यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दौरे के दौरान राहुल गांधी कुमाऊं और गढ़वाल मंडल में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं को भी संबोधित करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी बुधवार सुबह 11 बजे अल्मोड़ा में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस जनसभा में कुमाऊं मंडल के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम जनता के पहुंचने की संभावना है। इसके बाद वह दोपहर करीब 2 बजे पौड़ी पहुंचेंगे, जहां पूर्व सैनिक सम्मेलन में भाग लेकर पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के साथ संवाद करेंगे।

उत्तराखंड जैसे सैनिक बाहुल्य राज्य में पूर्व सैनिकों के साथ राहुल गांधी का यह संवाद राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कांग्रेस इसे सैनिकों और उनके परिवारों से सीधे जुड़ने के अवसर के रूप में देख रही है।

दौरे के दूसरे दिन 5 जून को देहरादून में राहुल गांधी प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, पूर्व विधायकों, जिला अध्यक्षों और विभिन्न आनुषंगिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। इसके साथ ही कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर आगामी चुनावी रणनीति और संगठनात्मक मजबूती पर चर्चा करेंगे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल तथा प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी का यह दौरा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने में मददगार साबित होगा।

पार्टी सूत्रों के अनुसार इस दौरे का उद्देश्य राज्य में संगठन को और अधिक सक्रिय बनाना, कार्यकर्ताओं के साथ संवाद बढ़ाना तथा आगामी विधानसभा चुनावों के लिए मजबूत रणनीतिक आधार तैयार करना है। राहुल गांधी के आगमन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *