बिचला ढांगू प्रीमियर लीग का आगाज, बागी और गूम ने दर्ज की जीत
बारिश के कारण एक दिन की देरी से शुरू हुआ टूर्नामेंट, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
द्वारीखाल (पौड़ी गढ़वाल)। बिचला ढांगू प्रीमियर लीग (बीपीएल) का शुभारंभ मंगलवार को हथनूड़ मैदान में उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ। टूर्नामेंट का आयोजन 1 जून से होना था, लेकिन बारिश के चलते प्रतियोगिता शुरू नहीं हो सकी। मौसम साफ होने के बाद मंगलवार को प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन ग्राम तैड़ी निवासी मदन कृष्ण बड़थ्वाल ने किया। दूसरे मुकाबले के उद्घाटनकर्ता पूर्व प्रधान किनसुर दीपचंद शाह रहे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और ग्रामीण मौजूद रहे।

प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में उमन और बागी की टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। पहले बल्लेबाजी करते हुए बागी ने निर्धारित 12 ओवर में 135 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में उमन की टीम 12 ओवर में 129 रन ही बना सकी और मुकाबला 6 रन से हार गई। बागी की ओर से शानदार 57 रन की पारी खेलने वाले अरमान को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मुकाबले में गूम और पोगठा की टीमें आमने-सामने रहीं। पोगठा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 122 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गूम टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 11 ओवर में ही 124 रन बनाकर शानदार जीत दर्ज की। गूम की जीत के नायक अंकित रहे, जिन्होंने 78 रन की बेहतरीन पारी खेली। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
टूर्नामेंट के उद्घाटन दिवस पर खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक जज्बे का परिचय दिया। आयोजकों ने बताया कि आगामी दिनों में भी रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। क्षेत्र के खेल प्रेमियों में प्रतियोगिता को लेकर विशेष उत्साह और उत्सुकता बनी हुई है।
