पौड़ी

औद्योगिक इकाइयों को श्रम कानूनों और कल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी

कोटद्वार में आयोजित जागरूकता कार्यशाला में उद्यमियों ने लिया सक्रिय भाग

कोटद्वार/पौड़ी। जिला उद्योग केंद्र, कोटद्वार द्वारा औद्योगिक आस्थान स्थित औद्योगिक इकाइयों एवं उद्यमियों के लिए श्रम विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और श्रम कानूनों पर आधारित एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य उद्योगों और श्रमिकों को श्रम संबंधी प्रावधानों, अधिकारों तथा सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराना था।

कार्यशाला में श्रम विभाग के अधिकारियों ने श्रमिक पंजीकरण, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, श्रमिक कल्याण कार्यक्रमों, कार्यस्थल सुरक्षा मानकों तथा श्रम कानूनों के प्रभावी अनुपालन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने श्रमिकों एवं नियोक्ताओं को उपलब्ध सुविधाओं और योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया भी समझाई।

इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि श्रम कानूनों का पालन श्रमिकों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ उद्योगों में बेहतर कार्य वातावरण और उत्पादकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का समाधान करते हुए योजनाओं के व्यावहारिक पहलुओं पर भी चर्चा की गई।

कार्यक्रम में औद्योगिक आस्थान की विभिन्न इकाइयों के प्रतिनिधियों एवं उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। श्रमिक कल्याण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, सुरक्षित कार्यस्थल के निर्माण और उद्योगों में श्रम कानूनों के अनुपालन को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

प्रतिभागियों ने ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को उद्योगों और श्रमिकों के लिए उपयोगी बताते हुए जिला उद्योग केंद्र एवं श्रम विभाग के प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक सोमनाथ गर्ग, प्रबंधक उपासना सिंह, आर.पी. आर्य, सिडकुल के सचिव विवेक चौहान, सिडकुल अध्यक्ष सुनील गुप्ता, सिताबपुर औद्योगिक आस्थान अध्यक्ष प्रतीक गुप्ता, श्रम विभाग से कुलदीप सिंह एवं रणजीत सिंह सहित अन्य अधिकारी और उद्यमी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *