बहुउद्देशीय जागरुकता एवं लाभार्थी शिविर आयोजित
“जनभागीदारी – सबसे दूर, सबसे पहले” अभियान के माध्यम से जनजातीय समुदाय को योजनाओं से जोड़ा गया
कोटद्वार। प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान (पीएम-जनमन) योजना एवं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत रविवार को कोटद्वार तहसील के बोक्सा जनजातीय बाहुल्य क्षेत्र हल्दुखाता मल्ला में बहुउद्देशीय जागरुकता एवं लाभार्थी शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों में निवासरत पात्र परिवारों तक केंद्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना तथा उन्हें विभिन्न सेवाओं से लाभान्वित करना रहा।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा मौके पर ही आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों एवं जनजातीय समुदाय के लोगों ने प्रतिभाग किया।
महिला छात्रावास अधीक्षक एवं कार्यक्रम के नोडल अधिकारी पंकज देवली ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में 22 लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया। विद्युत विभाग को छह नए बिजली कनेक्शन के आवेदन प्राप्त हुए, जबकि जिला उद्योग केंद्र कोटद्वार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत छह आवेदन प्राप्त कर युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित किया गया।
उन्होंने बताया कि बाल विकास विभाग द्वारा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के अंतर्गत कनिका, पूर्वी, गीतांजली एवं दीप्ती को नेम प्लेट वितरित कर बालिकाओं के सम्मान एवं शिक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। कृषि विभाग ने 14 किसानों को उन्नत बीज एवं उर्वरक वितरित कर कृषि उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
इसके अतिरिक्त शिविर में आधार संबंधी सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं, जिसके तहत आठ नए आधार कार्ड बनाए गए तथा 20 आधार कार्ड अपडेट किए गए। शिविर के माध्यम से जनजातीय समुदाय को विभिन्न सरकारी योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि अधिक से अधिक पात्र व्यक्ति योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम में दीपा देवी, राजेंद्र प्रसाद बहुखंडी, मनीष नैथानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित
