भूस्खलन प्रभावित 12 परिवारों के पुनर्वास को बड़ी राहत, प्रति परिवार ₹4.25 लाख स्वीकृत
पौड़ी गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल में गत वर्ष अत्यधिक वर्षा से उत्पन्न भूस्खलन की घटनाओं से प्रभावित परिवारों के सुरक्षित विस्थापन एवं पुनर्वास की दिशा में जिला प्रशासन के प्रयासों को बड़ी सफलता मिली है। शासन स्तर से स्वीकृति मिलने के बाद विकासखंड पाबौ के ग्राम सभा सैंजी एवं बुरांसी तथा विकासखंड पौड़ी के ग्राम रैदुल के कुल 12 प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पुनर्वास के लिए प्रति परिवार ₹4 लाख 25 हजार की धनराशि आवंटित कर दी गई है। इससे प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर नए आवास निर्माण में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।

आपदा के दौरान ग्राम सभा सैंजी में 7, बुरांसी में 2 तथा रैदुल में 3 आवासीय भवन भूस्खलन की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिससे संबंधित परिवारों के समक्ष सुरक्षित आवास का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया था। आपदा की सूचना प्राप्त होते ही प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायज़ा लिया और ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
प्रभावित परिवारों द्वारा स्थायी और सुरक्षित विस्थापन की मांग रखे जाने पर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने तत्काल कार्रवाई करते हुए क्षतिग्रस्त क्षेत्रों का भूगर्भीय सर्वेक्षण कराया। साथ ही वैकल्पिक सुरक्षित भूमि चिन्हित कर शासन को प्रस्ताव भेजा गया, जिसके फलस्वरूप पुनर्वास हेतु आवश्यक धनराशि स्वीकृत की गई।
इस प्रक्रिया के अंतर्गत केंद्र सरकार के दल द्वारा भी प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर भौगोलिक स्थिति, क्षति एवं पुनर्वास की आवश्यकता का आकलन किया गया। जिला प्रशासन द्वारा तैयार प्रस्ताव को शासन ने पुनर्वास नीति-2021 के अंतर्गत स्वीकृति प्रदान करते हुए आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मद से धनराशि जारी की।
जिलाधिकारी ने कहा कि आपदा प्रभावित परिवारों का सुरक्षित विस्थापन एवं सम्मानजनक पुनर्वास जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्वीकृत सहायता राशि से प्रभावित परिवार सुरक्षित स्थान पर अपने नए आवास का निर्माण कर सकेंगे, जिससे उनके जीवन में स्थिरता और सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
इन परिवारों को मिली सहायता:
ग्राम बुरांसी के जसवंत सिंह एवं केसर सिंह, ग्राम सैंजी के नीलम सिंह, पवन सिंह, भगत सिंह, विमला देवी, गोपाल सिंह, विमल सिंह एवं जसवंत सिंह तथा ग्राम रैदुल के सुखदेव लाल, सुशील कुमार एवं सुरेश कुमार को इस सहायता से लाभान्वित किया गया है।
जिला प्रशासन की इस पहल से आपदा प्रभावित परिवारों को सुरक्षित भविष्य की नई आशा मिली है, जो शासन और प्रशासन की संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
