नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल–2026 की तैयारियां तेज, डीएम स्वाति भदौरिया ने किया निरीक्षण
सतपुली/पौड़ी। सतपुली के निकट बिलखेत में 26 से 28 फरवरी तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल–2026 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि फेस्टिवल का आयोजन भव्य रूप में किया जाएगा। इसमें माउंटेन बाइकिंग, पैराग्लाइडिंग, एंगलिंग, कयाकिंग, पैरामोटरिंग और हॉट एयर बैलून जैसी रोमांचक गतिविधियां आयोजित होंगी। प्रतियोगिताओं के लिए आकर्षक पुरस्कारों की व्यवस्था की गई है। साथ ही आम नागरिकों के लिए टेंडम फ्लाइंग की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, जिससे स्थानीय लोगों में साहसिक खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी।
युवाओं और स्कूली बच्चों में एडवेंचर स्पोर्ट्स के प्रति उत्साह बढ़ाने के लिए विशेष एडवेंचर जोन बनाया जाएगा। इसमें बर्मा ब्रिज, जिपलाइन, कमांडो नेट और रिवर्स बंजी जंपिंग जैसी गतिविधियां शामिल रहेंगी। शाम के समय सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा, जिसमें लोकगायक संकल्प खेतवाल और प्रसिद्ध लोक कलाकार प्रीतम भरतवाण अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी, लोनिवि और पर्यटन विभाग के अधिकारियों के साथ मुख्य कार्यक्रम स्थल, कयाकिंग स्थल एवं पैराग्लाइडिंग स्थल का जायजा लिया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल के मैदान को समतल करने तथा आसपास की झाड़ियों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिशासी अभियंता लोनिवि को टेंट, मंच, साउंड सिस्टम, एलईडी स्क्रीन एवं स्टॉल संबंधी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने को कहा गया।
विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति, जल संस्थान को पेयजल व्यवस्था तथा मुख्य चिकित्साधिकारी को कार्यक्रम के दौरान मेडिकल टीम की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पर्यटन विभाग को फेस्टिवल के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु प्रभावी होर्डिंग लगाने को भी कहा गया।
जिलाधिकारी ने कयाकिंग स्थल का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा मानकों पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने स्थानीय युवाओं से संवाद कर पैराग्लाइडिंग एवं कयाकिंग का प्रशिक्षण लेकर अन्य युवाओं को प्रशिक्षित करने का आह्वान किया, ताकि क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ें और बिलखेत पर्यटन का प्रमुख केंद्र बन सके। साथ ही अन्य राज्यों के युवा भी यहां प्रशिक्षण लेने आ सकेंगे। जिला पर्यटन अधिकारी को प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, उपजिलाधिकारी रेखा आर्य, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी सहित अन्य अधिकारी एवं आयोजक उपस्थित रहे।
— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
