सतपुली तहसील दिवस में 44 शिकायतें दर्ज, अधिकांश का मौके पर निस्तारण — डीएम स्वाति एस. भदौरिया सख्त
सतपुली (पौड़ी गढ़वाल), मंगलवार। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में सतपुली में आयोजित तहसील दिवस जनसमस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी मंच साबित हुआ। तहसील दिवस में कुल 44 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों के समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को एक पखवाड़े के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी और प्रत्येक प्रकरण की व्यक्तिगत निगरानी की जाएगी।

तहसील दिवस में विधवा आनंदी देवी का पेंशन प्रकरण सामने आने पर जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को तत्काल केवाईसी पूर्ण कर पेंशन स्वीकृत करने के निर्देश दिए। दिव्यांग अशोक कुमार द्वारा स्वरोजगार हेतु आर्थिक सहायता की मांग पर जिला उद्योग महाप्रबंधक को मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के अंतर्गत उसी दिन आवेदन पत्र भरवाकर लाभ उपलब्ध कराने को कहा गया।
नगर पंचायत में सुपरवाइजर पद पर तैनात हर्षवर्धन गौड़ को अक्टूबर से जनवरी तक वेतन न मिलने के प्रकरण में जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता को 28 फरवरी तक भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा अन्यथा आर.सी. के माध्यम से वसूली की चेतावनी दी।
तहसील दिवस में राष्ट्रीय राजमार्ग 534 के चौड़ीकरण से क्षतिग्रस्त हैंडपंप, पाइपलाइन एवं अन्य परिसंपत्तियों से संबंधित शिकायतें प्रमुखता से आईं। जिलाधिकारी ने ऐसी परिसंपत्तियों को प्राथमिकता से दुरुस्त करने के निर्देश दिए। सड़कों के मुआवजे से जुड़े प्रकरणों में लोक निर्माण विभाग एवं पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को व्यक्तिगत संज्ञान लेकर प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने को कहा गया।
डांडा बग्याली मोटर मार्ग निर्माण से क्षतिग्रस्त जल संस्थान की पाइपलाइन की शिकायत पर निर्माणदायी एजेंसी को 15 मार्च तक मरम्मत कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। सार्वजनिक शौचालय सतपुली की नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। जल निगम को ज्वाल्पा पंपिंग योजना एवं भूमियांडांडा पंपिंग योजना 28 फरवरी तक पूर्ण करने तथा नौगांवखाल-तुमाखाल मोटर मार्ग पर उखड़े डामरीकरण को 15 मार्च तक दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
रैतपुर मल्ला निवासी पंचम सिंह की वर्षों से खराब विद्युत मीटर एवं बिल न आने की शिकायत पर विद्युत विभाग को एक सप्ताह के भीतर समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया। प्रदीप डोबरियाल के वन पंचायत के माध्यम से पर्यटक भवन निर्माण संबंधी प्रकरण पर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। खतौनी में नाम परिवर्तन के मामलों में राजस्व विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
राष्ट्रीय राजमार्ग 534 के मलबे से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतपुली की दीवार का पुश्ता क्षतिग्रस्त होने से अस्पताल कॉलोनी को खतरा उत्पन्न होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने एनएच श्रीनगर को तीन दिन में दीवार की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। महिला मिलन केंद्र एकेश्वर को जिला योजना में प्रस्तावित करने तथा सोलर लाइट संबंधी शिकायतों पर पांच सोलर लाइट मौके पर ही स्वीकृत की गईं। साथ ही छोटी मांग आधारित शिकायतों के प्रस्ताव तैयार कर उन्हें जिला योजना में शामिल करने के निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र चौहान, ब्लॉक प्रमुख पंकज बिष्ट, मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, उपजिलाधिकारी सतपुली रेखा आर्य सहित सभी जिला, ब्लॉक एवं तहसील स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
— सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
