पौड़ी

रेडक्रॉस की जिला कार्यकारिणी बैठक में सेवा विस्तार पर जोर, डीएम ने ली आजीवन सदस्यता

पौड़ी। भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी की जिला कार्यकारिणी की बैठक एनआईसी कक्ष में जिलाधिकारी एवं रेडक्रॉस सोसाइटी की अध्यक्ष स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में समिति द्वारा अब तक किए गए कार्यों की प्रगति पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने रेडक्रॉस का सदस्यता शुल्क देकर इसकी आजीवन सदस्यता ग्रहण की तथा सभी सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से रेडक्रॉस से जुड़ने की अपील की। उन्होंने रेडक्रॉस स्वयंसेवकों की संख्या बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने, आजीवन सदस्यता को प्रोत्साहित करने एवं इसके लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि रेडक्रॉस द्वारा आयोजित स्वास्थ्य शिविरों को प्राथमिकता के आधार पर दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लगाया जाए, ताकि जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित हो सके। उन्होंने आपदा, आपात स्थिति एवं राहत सामग्री वितरण के लिए आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे अनावश्यक व्यय से बचा जा सके।

उन्होंने रेडक्रॉस गतिविधियों के लिए आय के स्थायी स्रोत विकसित करने, विकासखंड स्तर पर जरूरतमंदों को कंबल एवं आवश्यक सामग्री वितरित करने तथा रेडक्रॉस कार्यालय के सुदृढ़ीकरण के निर्देश दिए। साथ ही कार्यालय के लिए कंप्यूटर उपलब्ध कराने की बात कही, जिससे कार्य अधिक व्यवस्थित रूप से संचालित हो सकें।

बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी को रेडक्रॉस के लिए एक सक्षम चिकित्साधिकारी को कोषाध्यक्ष नामित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने जन औषधि केंद्रों में जेनेरिक दवाओं की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने पर बल देते हुए स्पष्ट किया कि महंगी बाहरी दवाएं लिखने वाले चिकित्सकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जन औषधि केंद्र, कोटद्वार द्वारा किराया भुगतान न किए जाने पर संबंधित को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।

रक्तदान को लेकर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिक से अधिक नियमित रक्तदाताओं को जोड़ने एवं निरंतर रक्तदान शिविर आयोजित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने सांस्कृतिक दलों, शैक्षणिक संस्थानों एवं अन्य माध्यमों से रेडक्रॉस गतिविधियों के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। मुख्य शिक्षाधिकारी को विद्यालयों में रेडक्रॉस से जुड़ी गतिविधियां संचालित करने तथा बैगलेस-डे के अवसर पर रचनात्मक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही आजीवन रेडक्रॉस सदस्यों का डिजिटल डाटा तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक के दौरान समिति सदस्यों से रेडक्रॉस की कार्यप्रणाली को और सुदृढ़ बनाने के लिए सुझाव लिए गए। अंत में जिलाधिकारी द्वारा सभी कार्यकारिणी सदस्यों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला, मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेय सयाना, जिला सचिव केसर सिंह असवाल, रक्तदान प्रभारी मदन मोहन नौडियाल, राज्य प्रतिनिधि प्रदीप रावत सहित कार्यकारिणी के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *