नैनीडांडा की न्याय पंचायत किनाथ में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित, 240 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ
नैनीडांडा (पौड़ी गढ़वाल)। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के अंतर्गत विकासखंड नैनीडांडा की न्याय पंचायत किनाथ में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।
आयोजित शिविर में 19 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया। वहीं 240 पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

शिविर की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने की। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि योजनाओं का वास्तविक लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचे। उन्होंने बताया कि ऐसे शिविरों के माध्यम से प्रशासन सीधे ग्रामीणों से संवाद कर रहा है, जिससे समस्याओं के समाधान में तेजी आई है। एक ही स्थान पर सभी विभागों की उपलब्धता से आमजन को कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ रहे हैं, जिससे समय और धन दोनों की बचत हो रही है। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में प्रतिभाग कर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
शिविर में स्वास्थ्य, समाज कल्याण, बाल विकास, वन, राजस्व, आयुर्वेदिक एवं यूनानी, पशुपालन, कृषि, उद्यान सहित कुल 23 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों ने योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों के आवेदनों का निस्तारण भी मौके पर ही किया।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी श्रेष्ठ गुनसोला, नोडल अधिकारी शिविर एवं प्रबंधक उद्योग राजेंद्र प्रकाश आर्य, खंड विकास अधिकारी प्रमोद चंद पांडे, ग्राम विकास अधिकारी वीरेंद्र रावत, सहायक खंड विकास अधिकारी रमेश चंद नैनवाल, सहायक समाज कल्याण अधिकारी मनीष गुसाईं सहित अन्य अधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
