भूकंप जैसी आपदाओं से बचाव को लेकर जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण पहल
‘भूदेव’ मोबाइल एप के व्यापक उपयोग पर दिया गया जोर
पौड़ी गढ़वाल। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में जनपद में भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी बचाव एवं आमजन की सुरक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। जिला प्रशासन द्वारा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा विकसित ‘भूदेव’ मोबाइल एप के अधिकतम उपयोग पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल ने बताया कि भूदेव एप भूकंप आने से कुछ सेकंड पूर्व अलर्ट जारी करने में सक्षम है, जिससे लोग समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचकर जान-माल की क्षति को न्यूनतम कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से पूर्व चेतावनी प्रणाली को मजबूत करना आपदा प्रबंधन की दिशा में एक निर्णायक कदम है।
उन्होंने बताया कि राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जारी निर्देशों के क्रम में सभी विभागाध्यक्षों एवं कार्यदायी संस्थाओं को अपने-अपने कार्यालयों में भूदेव एप इंस्टॉलेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही भूकंप से बचाव के प्रति अधिक से अधिक ग्रामीणों को जागरूक करने हेतु समस्त खंड विकास अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया है।
आपदा प्रबंधन अधिकारी दीपेश काला ने जानकारी दी कि भूदेव एप में भूकंपीय गतिविधियों की दैनिक जानकारी, जियो-रेफरेंस्ड लोकेशन के साथ इंटरेक्टिव मैप तथा आपात स्थिति में एसओएस फीचर के माध्यम से लाइव लोकेशन साझा करने जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध हैं। ये सुविधाएं आपदा के समय त्वरित सहायता पहुंचाने में अत्यंत सहायक सिद्ध होंगी।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे स्वयं भूदेव एप इंस्टॉल करें तथा अपने परिवारजनों, पड़ोसियों एवं सहकर्मियों को भी इसके उपयोग के लिए प्रेरित करें, ताकि आपदा की स्थिति में अधिक से अधिक लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
