बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ के तहत एकेश्वर में छात्राओं के लिए कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित
पौड़ी/एकेश्वर।बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत कन्या राजकीय इंटर कॉलेज, एकेश्वर में कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से किया गया।

कार्यक्रम में बाल विकास अधिकारी द्वारा बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ योजना के उद्देश्यों एवं लाभों पर विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने बालिकाओं को शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया।
कैरियर काउंसलिंग विशेषज्ञ प्रदीप नेगी ने छात्राओं को विभिन्न कैरियर विकल्पों की जानकारी देते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपनी रुचि, क्षमता एवं योग्यता के अनुसार कैरियर का चयन करना चाहिए, जिससे भविष्य में सफलता के नए मार्ग प्रशस्त हो सकें।
खंड विकास कार्यालय से उपस्थित सुशील कुमार ने महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की तथा योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
स्वास्थ्य विभाग से डाॅ. मोनिका असवाल ने चिकित्सा क्षेत्र में उपलब्ध कैरियर अवसरों पर प्रकाश डाला। साथ ही उन्होंने किशोरियों में बढ़ रही पीसीओडी समस्या, उसके कारण, लक्षण एवं समाधान के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में सुपरवाइजर शारदा रानी ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए छात्राओं को योजनाओं से जुड़कर लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को सकारात्मक मार्गदर्शन प्रदान करना, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक करना तथा उज्ज्वल भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा।
सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
