मानव–वन्यजीव संघर्ष की आशंका: दिसंबर माह में स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्रों का समय बदला
पौड़ी। मानव–वन्यजीव संघर्ष की संभावित परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जनपद के सभी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन समय में अस्थायी परिवर्तन के आदेश जारी किए हैं। यह निर्णय गढ़वाल वन प्रभाग, पौड़ी से प्राप्त जानकारी और क्षेत्र की वन्यजीव संवेदनशीलता को देखते हुए लिया गया है।

जारी आदेश के अनुसार दिसंबर 2025 माह में जनपद के अंतर्गत संचालित सरकारी, अर्ध–सरकारी, गैर–सरकारी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में पढ़ाई का कार्य प्रातः 9:15 बजे से पूर्व तथा अपराह्न 3:00 बजे के बाद नहीं किया जाएगा। यह व्यवस्था छात्रहित और लोकहित को ध्यान में रखते हुए लागू की गई है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह आदेश आपदा प्रबंधन अधिनियम–2005 की धारा 34(ड) के अंतर्गत जारी किया गया है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। आदेश का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस निर्णय का उद्देश्य सुबह व शाम के समय वन्यजीवों की सक्रियता के दौरान बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है, ताकि किसी भी संभावित अप्रिय घटना को रोका जा सके।
कार्यालय जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल
