कण्डोलिया मैदान, पुस्तकालय और पूल्ड हाउस के कार्यों की जिलाधिकारी ने ली समीक्षा, दिए सुधार के निर्देश
पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जिला मुख्यालय स्थित विभिन्न निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कण्डोलिया मैदान, पुस्तकालय व पूल्ड हाउस के निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कण्डोलिया मैदान के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्य गेट को वास्तविक पहाड़ी पत्थरों से क्लेडिंग करने, उभरी नक्काशी और उपयुक्त लाइटिंग शामिल करने को कहा। साथ ही गेट के पास एक सुव्यवस्थित गार्ड रूम तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल निकासी व्यवस्था को प्रभावी बनाने हेतु यू-टाइप नाली की चौड़ाई पर्याप्त रखने और दर्शकदीर्घा की ओर से आने वाले बरसाती पानी को नियंत्रित करने के लिए पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
मैदान के समतलीकरण पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि मिट्टी में कंकड़ या पत्थर बिल्कुल न हों, ताकि फुटबॉल जैसे जोखिमपूर्ण खेलों में खिलाड़ियों को अधिक सुरक्षा मिल सके। शाम और रात्रिकालीन गतिविधियों के लिए गुणवत्तापूर्ण प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु हाई-मास्ट लाइट लगाने के लिए स्थान चिह्नित करने को कहा। निचली दीवारों पर आकर्षक स्पोर्ट्स पेंटिंग, दर्शकदीर्घा की रेलिंग तथा पवेलियन के कमरों और शौचालयों की सफाई व जलापूर्ति भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने पुस्तकालय का निरीक्षण कर रिनोवेशन व मरम्मत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सिविल व डिकोर कार्यों—बुकशेल्फ, अलमारियाँ, रैक आदि को समानांतर रूप से तैयार करने को कहा। पुस्तकालय छत पर क्लॉक टॉवर के लिए घड़ी का ऑर्डर तत्काल जारी करने के निर्देश दिए। मुख्य शिक्षाधिकारी को पुस्तकों की कैटलॉगिंग के लिए टीम गठित करने तथा विषयवार सूची को कंप्यूटर, रजिस्टर और रैक्स/अलमारियों पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने को कहा। उन्होंने छत पर सजावटी लाइटें लगाने, फर्श पर लेमिनेटेड वुड का प्रयोग करने और प्रत्येक फ्लोर पर महिला-पुरुष के लिए पृथक शौचालय बनाने के निर्देश दिए।
पूल्ड हाउस के निर्माणाधीन टाइप-3 आवासों के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की धीमी गति पर नाराजगी व्यक्त की और लोनिवि को श्रमबल बढ़ाकर कार्य को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। कर्मचारियों की सुविधा हेतु शिकायत कक्ष को प्रभावी रूप से संचालित करने तथा मरम्मत कार्यों की निगरानी हेतु गठित टीम को नियमित निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके अलावा पूल्ड हाउस क्षेत्र में उगी झाड़ियों की कटाई, झुके हुए पेड़ों के नियमानुसार कटान और त्रिशूल पार्क के निकट स्थित जर्जर पार्क को दुरुस्त कराने के लिए नगर पालिका तथा लोनिवि को त्वरित कार्रवाई करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने, सहायक अभियंता लोनिवि निर्माण खंड अंकिता सक्सेना, सहायक अभियंता लोनिवि प्रांतीय खंड सुरेश पाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
