शरदोत्सव-2025 की तैयारियों पर जिलाधिकारी ने की महत्वपूर्ण बैठक
पौड़ी। जनपद मुख्यालय पौड़ी में आगामी शरदोत्सव-2025 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को पारस्परिक समन्वय के साथ कार्य करते हुए आयोजन को सफल, सुरक्षित एवं आकर्षक बनाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी ने बताया कि शरदोत्सव 20 से 23 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा, जबकि फुटबॉल प्रतियोगिता 18 नवंबर से प्रारंभ होगी। उन्होंने कहा कि शरदोत्सव में विंटर लाइन इवेंट, प्रदर्शनी, झांकियाँ, खेल प्रतियोगिताएँ, पेंटिंग, वाद-विवाद, क्विज, मैराथन, साइकलिंग, मेंहदी, रंगोली सहित सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा अनेक अन्य गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। यह उत्सव पौड़ी की पहचान को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का महत्वपूर्ण अवसर है, जिसके लिए नगर पालिका उच्च स्तरीय तैयारियाँ कर रही है।
बैठक में जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग को सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं झांकियों, पर्यटन तथा पुलिस विभाग को साइकिल दौड़, जबकि खेल विभाग को विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं के सफल संचालन हेतु आवश्यक तैयारियाँ समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शरदोत्सव पौड़ी की सांस्कृतिक, पारंपरिक एवं पर्यटन क्षमता को प्रदर्शित करने का प्रमुख मंच है, इसलिए प्रत्येक गतिविधि में स्थानीय जनता की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने सजावट, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, सुरक्षा प्रबंधन, मंच संचालन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्टॉल आवंटन तथा प्रचार-प्रसार जैसे सभी बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इस वर्ष शरदोत्सव को अधिक आकर्षक, सुव्यवस्थित एवं जनसहभागिता आधारित बनाया जाएगा। साथ ही युवाओं, स्वयं सहायता समूहों एवं स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
बैठक में संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, पुलिस क्षेत्राधिकारी तुषार बोरा, सीएमओ डॉ. शिव मोहन शुक्ला, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, जिला शिक्षाधिकारी रणजीत सिंह नेगी, एसडीओ विद्युत गोविंद सिंह, ईओ नगरपालिका गायत्री बिष्ट, अध्यक्ष व्यापार मंडल विनय शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, नगर पालिका सभासद एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
